विधायक के आश्वासन पर किसानों का नरम पड़ा रुख; सैयदराजा में तीसरे दिन स्थगित हुआ अनिश्चितकालीन धरना
चंदौली के नगवां कुसमी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना विधायक सुशील सिंह के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। अधिकारियों ने मानसून से पहले कार्य शुरू करने का वादा किया है।
क्षतिग्रस्त पुलिया निर्माण की प्रमुख मांग
विधायक सुशील सिंह का मिला आश्वासन
तीसरे दिन स्थगित हुआ किसान धरना
बरसात से पहले कार्य शुरू करने का वादा
तय समय पर काम न होने पर चेतावनी
चंदौली जिले में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के नगवा-कुसमी मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण को लेकर चल रहा भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन स्थगित कर दिया गया। स्थानीय विधायक सुशील सिंह के आश्वासन और विभागीय अधिकारियों के वादे के बाद किसानों ने यह कदम उठाया है।

तीन दिनों से जारी था आंदोलन
बता दें कि बंधी डिवीजन काधरपुर ड्रेन नगवां कुसमी धानापुर रोड पर बनी पुलिया लंबे समय से अत्यंत जर्जर स्थिति में है। इसके कारण राहगीरों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विभाग की उपेक्षा से नाराज होकर किसान नेताओं ने पिंटू पाल (मंडल अध्यक्ष, वाराणसी) के नेतृत्व में तीन दिन पूर्व अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। किसान नेताओं का आरोप था कि बार-बार शिकायत के बावजूद पीडब्ल्यूडी और बंधी डिवीजन इस पर ध्यान नहीं दे रहे थे।
विधायक के प्रतिनिधि और अधिकारियों ने की वार्ता
धरना स्थल पर बुधवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रतिनिधि अन्नू सिंह, बंधी डिवीजन और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि ने किसानों को आश्वस्त किया कि विधायक इस समस्या को लेकर गंभीर हैं। अधिकारियों ने लिखित और मौखिक आश्वासन दिया कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले हर हाल में पुलिया के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
समय पर काम न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
आश्वासन मिलने के बाद किसान नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की, लेकिन विभाग को दो टूक चेतावनी भी दी। मंडल अध्यक्ष पिंटू पाल और जिला अध्यक्ष शेषनाथ यादव ने कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होता है, तो यूनियन विशाल जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर विजयकांत पासवान, अखिलेश यादव, मोहन यादव और रामावतार यादव सहित भारी संख्या में किसान नेता उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








