चंदौली की मत्स्य मंडी निर्माण अंतिम चरण में, एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा काम, जल्द मिलने लगेगा लोगों को रोजगार

61.87 करोड़ की लागत से बन रही है आधुनिक मत्स्य मंडी
प्रधानमंत्री करेंगे इस खास मत्स्य मंडी का उद्घाटन
मत्स्य मंडी से 1500 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
चंदौली जिले में नवीन मंडी परिसर में चल रहे स्टेट आफ आर्ट होलसेल मत्स्य बाजार (मत्स्य मंडी) का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। आने वाले एक सप्ताह में कार्य पूर्ण हो जाएगा। वर्तमान में केवल विल्डिंग की सफाई का कार्य चल रहा है। विभाग की मानें तो जल्द ही प्रधानमंत्री मत्स्य मंडी का उद्घाटन करेंगे। मत्स्य मंडी के निर्माण से लोगों को रोजगार मिलेगा।

आपको बता दें कि दरअसल मत्स्य मंडी का निर्माण बीते जुलाई माह में ही पूर्ण होना था, लेकिन लोकसभा चुनाव के कारण नवीन मंडी परिसर में इवीएम के लिए स्ट्रांग रूम बनाए जाने व पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर निर्माण कार्य लगभग एक माह तक ठप रहा। ऐसे में कार्य को सुचारु रूप से चालू करने में विलंब हुआ। इसके बाद दिसंबर माह तक निर्माण कार्य को पूर्ण करने की अवधि निर्धारित की गई, लेकिन पुनः निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए दो माह और बढ़ा दिया गया है।
फरवरी 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण होना है। भवन के फिनिशिंग का कार्य पूर्ण हो गया है। वर्तमान में केवल सफाई का कार्य चल रहा है।
निर्माण में खर्च होगा 61.87 करोड़:
मत्स्य मंडी के निर्माण में 61.87 करोड़ रुपये खर्च होगा। तीन मंजिला भवन अंतरराष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा माडल मत्स्य मंडी का निर्माण दस हजार वर्ग मीटर में कराया गया है। मंडी के बनने से पूर्वांचल के मत्स्य पालन करने वालों की आय तो दोगुनी होगी ही 1500 से अधिक लोगों को रोजगार भी मिलेगा। मछली से संबंधित सभी कारोवार एक छत के नीचे होगा। यहां फिश रेस्टोरेंट, प्रशिक्षण के लिए कांफ्रेंस हाल, प्रोसेसिंग यूनिट समेत कई तरह की सुविधाएं होंगी।
मछली पालन की मिलेगी जानकारी मत्स्य मंडी भवन में मछली पालन के तरीकों की जानकारी तो मिलेगी ही, मार्केटिंग, तकनीक, एक्सपोर्ट से लेकर मछली के कई प्रकार के पकवान पकाने और खाने की भी सुविधा होगी। इसमें मछली का होलसेल और रिटेल मार्केट होगा।
इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर एसपी पांडेय ने बताया कि मत्स्य मंडी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। विल्डिंग की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। एक सप्ताह में कार्य पूर्ण हो जाएगा।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*