चंदौली ब्रेकिंग: द गुरूकुलम स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला, प्रिंसिपल और शिक्षक पर मुकदमा दर्ज
स्कूल ट्रैवलर में 10वीं की छात्रा से छेड़छाड़
प्रिंसिपल ने मामला दबाने की कोशिश की
स्कूल प्रिंसिपल प्रियंका मुखर्जी और शिक्षक धीरज पाठक पर मुकदमा
POCSO एक्ट में FIR दर्ज
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में स्थित नेशनल हाईवे पर मौजूद द गुरूकुलम स्कूल में कक्षा 10 की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की माँ द्वारा थाना अलीनगर में दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी पुत्री जब स्कूल ट्रैवलर से स्कूल जा रही थी, तभी स्कूल के शिक्षक धीरज पाठक (32 वर्ष) द्वारा पिछले सप्ताह से लगातार उसके साथ छेड़खानी की जा रही थी।
प्रिंसिपल पर मामला दबाने का आरोप
मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता की माँ ने तुरंत स्कूल की प्रिंसिपल प्रियंका मुखर्जी से मोबाइल पर संपर्क कर शिकायत की। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल ने कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की और उन्हें चेतावनी भी दी कि अगर इस मामले को आगे बढ़ाया गया तो बच्ची के करियर को नुकसान पहुंचाया जाएगा। आरोप यह भी है कि प्रिंसिपल ने घटना के बाद आरोपी शिक्षक धीरज पाठक को स्कूल के पीछे के द्वार से फरार करा दिया।
प्रिंसिपल और शिक्षक पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना की गंभीरता और परिजनों की तहरीर पर थाना अलीनगर के थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद प्रिंसिपल प्रियंका मुखर्जी और शिक्षक धीरज पाठक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (सार्वजनिक रूप से छेड़छाड़) और 351 (हमला करने) के तहत, साथ ही पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 7/8 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
विद्यालय के डायरेक्टर सुभाष तुलसियान ने कहा कि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ है। विद्यालय के प्रत्येक कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यदि किसी शिक्षक पर दोष सिद्ध होता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, आवश्यकता पड़ने पर सेवा से भी बर्खास्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालय बसों में भी शिक्षक एवं सभी छात्र-छात्राएँ मौजूद रहते हैं, इसलिए छेड़खानी की संभावना बहुत कम है, फिर भी मामले की पूरी जांच कराई जाएगी।
डायरेक्टर ने कहा कि यदि छात्र के साथ किसी प्रकार की अनुचित घटना हुई है, तो विद्यालय प्रशासन छात्र एवं उसके परिवार के साथ खड़ा है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







