सैयदराजा पुलिस और खनन विभाग का एक्शन, फर्जी नंबर प्लेट वाले 6 ट्रक UP-बिहार बार्डर पर हुए सीज
नौबतपुर चेक गेट पर अवैध मौरंग तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
राजस्व चोरी में शामिल ट्रकों के नम्बर प्लेट बदलकर हो रहा था खेल
फर्जी नंबर वाले 6 ट्रक सीज कर चालकों पर दर्ज हुआ केस
चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चंदौली में अवैध खनन और उपखनिज के परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के मार्गदर्शन में सैयदराजा पुलिस और खनन विभाग की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर नौबतपुर में स्थित खनिज विभाग चेक गेट्स पर संयुक्त रूप से चेकिंग की।
बिना ISTP हो रहा था बालू का अवैध व्यापार
इस चेकिंग के दौरान टीम ने पाया कि बिहार राज्य से उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में वाहन लाल बालू/मौरंग का परिवहन कर रहे थे। जांच में यह उजागर हुआ कि ये ट्रक बिना ISTP (Inter State Transit Pass) के ही सीमा पार कर रहे थे, जो कि राजस्व की चोरी का स्पष्ट मामला है। इस कार्रवाई में कुल 17 ट्रकों पर प्रवर्तन की कार्रवाई की गई, जिनमें से 6 ट्रकों को सीज किया गया।
राजस्व चोरी के लिए नम्बर प्लेट बदलने का प्रयास
पुलिस द्वारा सीज किए गए ट्रकों में से एक ट्रक (वाहन संख्या-UP62CT4734) ऐसा था, जिसके वाहन स्वामी पर विगत प्रवर्तन कार्रवाइयों का लगभग 1.30 लाख रुपये का जुर्माना बकाया था। इसके अलावा, चार अन्य ट्रकों को सीज किया गया जिन पर मौरंग लदा था। विभागीय एम चेक ऐप से जांच करने पर पता चला कि इन वाहनों के चालक और स्वामी बॉर्डर पर लगे स्वचालित चेक गेट की जांच से बचने के लिए नम्बर प्लेटों का परिवर्तन करके या बिना नम्बर प्लेट के अवैध परिवहन कर रहे थे।
वाहन स्वामियों और चालकों पर केस दर्ज
सैयदराजा पुलिस ने अवैध परिवहन और राजस्व चोरी में संलिप्त इन 5 ट्रकों के वाहन स्वामी और चालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की है। मुकदमा अपराध संख्या 335/2025 और मुकदमा अपराध संख्या 336/2025 के तहत धारा 72(6) उ0प्र0 खनिज (परिहार) नियमावली-2021 और 4/21 खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय और खान अधिकारी सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







