औद्योगिक नगर के केमिकल वाले कचरे से खेतों में घोल रहा जहर, घुरहा नाले से होते हुए गंगा नदी में गिर रहा जहरीला पानी
चंदौली जिले में औद्योगिक विकास की भारी कीमत अब स्थानीय किसानों को अपनी उपजाऊ जमीन और फसलों से चुकानी पड़ रही है। मुगलसराय विधानसभा के औद्योगिक नगर क्षेत्र में चल रहे उद्योगों से निकलने वाला रसायनयुक्त कचरा सीधे किसानों के खेतों में जहर घोल रहा है। आरोप है कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले इस खतरनाक रासायनिक अपशिष्ट का सही तरीके से निस्तारण करने के बजाय उसे सीधे घुरहा नाले में बहा दिया जा रहा है। नाले के रास्ते यह जहरीला पानी आसपास के खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे मिट्टी की उपजाऊ शक्ति खत्म होने और फसलों की गुणवत्ता खराब होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
घुरहा नाले से गढ़ही और कर्मनाशा होते हुए गंगा में समा रहा जहर
प्रदूषण का यह खतरनाक सिलसिला सिर्फ किसानों के खेतों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह नदियों के अस्तित्व को भी खतरे में डाल रहा है। घुरहा नाले से निकलने वाला यह रासायनिक पानी पहले पुरानी गढ़ही नदी में पहुंचता है। इसके बाद यहां से चंद्रप्रभा नदी और फिर कर्मनाशा नदी के रास्ते होते हुए बिहार सीमा पर सीधे गंगा नदी में समाहित हो जाता है। इस तरह औद्योगिक नगर से निकलने वाला प्रदूषण कई बड़े जलस्रोतों को दूषित कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद रासायनिक कचरे की निगरानी के लिए जिम्मेदार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने के बजाय दफ्तर में बैठकर ही खानापूर्ति कर रहे हैं।
इन गांवों से होकर गुजरता है केमिकल, 200 से ज्यादा कंपनियां हैं सक्रिय
औद्योगिक क्षेत्र फेज दो से निकलने वाला यह केमिकल युक्त खतरनाक पानी जफरपुर, महेवा, गौरी, गंगेहरा, भरछां, बौरी, नदेसर, सिरसी और नियामताबाद के आगे गढ़ही नदी में गिरता है। उद्यमियों की मांग पर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के निर्देश के बाद साल 2018 में सिंचाई विभाग ने इस नाले की सफाई कराई थी, लेकिन हालात फिर जस के तस हैं। बता दें कि औद्योगिक क्षेत्र फेज दो में करीब 200 कंपनियां काम कर रही हैं, जिनमें से सात से अधिक कंपनियां रेड जोन की श्रेणी में आती हैं। नियमों के तहत रेड जोन वाली फैक्ट्री में संचालक को खुद ईटीपी (जल शोधन संयंत्र) लगाना होता है, जिसकी निगरानी की जिम्मेदारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी और लखनऊ कार्यालय को दी गई है।

किसानों ने बयां किया दर्द, कहा- गर्मी में काला और लाल हो जाता है नाला
इस जहरीले पानी से परेशान स्थानीय किसानों का दर्द भी सामने आया है। किसान जमुना बिंद का कहना है कि औद्योगिक नगर से निकलने वाला खतरनाक पानी नालों के माध्यम से सीधे उनके खेतों में पहुंच रहा है, जिससे मिट्टी में जहर घुल रहा है और फसल उत्पादन पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, एक अन्य किसान डीएन यादव ने बताया कि बारिश के दिनों में तो इस खतरनाक पानी का पता नहीं चलता, लेकिन गर्मी के दिनों में पूरा नाला ही काला और लाल हो जाता है, जिससे खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
पूर्व सांसद ने दी आंदोलन की चेतावनी
इस मुद्दे पर रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र से बाहर जाने वाले पानी को साफ रखने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम द्वारा ईटीपी संयंत्र लगाने का प्रावधान है। नियम यह है कि संयंत्र से पानी साफ होकर ही बाहर निकले, लेकिन निगम द्वारा यहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
उधर, पूर्व सांसद राम किशुन यादव ने इस मामले पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पहले औद्योगिक नगर का गंदा पानी सीधे गंगा में गिराया जाता था, लेकिन विरोध होने पर सत्ता के एक मंत्री के कहने पर इसे इस नाले में मिला दिया गया, जो अब खेतों और नदियों को बर्बाद कर रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







