कमालपुर में गैस की किल्लत पर बवाल, उपभोक्ताओं का आरोप—महंगे दाम पर हो रही कालाबाजारी
कई दिनों से नहीं मिल रहा सिलेंडर
उपभोक्ताओं ने लगाए कालाबाजारी के आरोप
गैस एजेंसी पर बढ़ा आक्रोश
प्रशासन के दावे पड़े फीके
चंदौली जिले के कमालपुर क्षेत्र में इन दिनों गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। उपभोक्ताओं को कई दिनों तक पर्ची कटवाने और बुकिंग कराने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आधी रात से लग रही लंबी कतारें
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग रात 12 बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे हैं। इसके बावजूद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल रही है।
पहले भी हो चुका है विवाद
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी तरह की किल्लत सामने आई थी, जिस दौरान उपभोक्ताओं और गैस एजेंसी कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। मामला इतना बढ़ गया था कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
कालाबाजारी के आरोप से बढ़ा आक्रोश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जबकि चोरी-छिपे 1500 से 3000 रुपये तक में सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। इस आरोप के बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
प्रशासन के दावे पर उठे सवाल
जिला प्रशासन द्वारा बार-बार गैस आपूर्ति सामान्य होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। चंदौली के कई इलाकों में अब भी गैस की समस्या बनी हुई है। लगातार बढ़ रही इस समस्या के बीच लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







