टालमटोल के बाद दिया RTI का जवाब, कृषि विज्ञान केंद्र ने 2 साल में तैयार किया 483 क्विंटल बीज, जानें किसको मिला लाभ
चंदौली के कृषि विज्ञान केंद्र में पिछले दो वर्षों में 483 क्विंटल बीज का उत्पादन किया गया है। जन सूचना अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी से इसका खुलासा हुआ है।
RTI से मिला बीज उत्पादन का ब्योरा
दो साल में 483 क्विंटल बीज उत्पादन
8 हेक्टेयर फार्म में बीजोत्पादन कार्य
विश्वविद्यालय भेजा गया 371 क्विंटल बीज
अपील के बाद वरिष्ठ वैज्ञानिक ने दी सूचना
चंदौली स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या से संबद्ध है। केवीके कार्यों के बारे में जन सूचना अधिकार (RTI) के तहत एक जानकारी मांगी गई थी। इसके जरिए केंद्र के फार्म हाउस में फसलों के उत्पादन और उनके उपयोग से संबंधित पूरा ब्योरा मांगा गया था।
मार्च में दाखिल की गई इस RTI अर्जी पर शुरुआत में अधिकारियों ने ढिलाई दिखाई और तय सीमा में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इसके बाद जब मामले की प्रथम अपील दाखिल की गई, तब जाकर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी की ओर से पूरी सूचना उपलब्ध कराई गई।
8 हेक्टेयर फार्म हाउस में 5.5 हेक्टेयर पर बीजोत्पादन
कृषि विज्ञान केंद्र के कुल 8 हेक्टेयर में फैले फार्म हाउस के 5.5 हेक्टेयर क्षेत्रफल पर धान, गेहूं, अरहर और सरसों जैसी मुख्य फसलों का बीजोत्पादन कराया जाता है। हालांकि, RTI के तहत फसलों के उत्पादन का ब्योरा तो मिल गया, लेकिन इस बीजोत्पादन से कितनी कुल राशि जमा की गई, इसकी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। मिली सूचना के मुताबिक, बीते दो वर्षों (2023 और 2024) में केंद्र द्वारा चारों मुख्य फसलों को मिलाकर कुल 444.75 क्विंटल बीज का उत्पादन किया गया है, जिसमें से बड़ा हिस्सा विश्वविद्यालय और प्रोसेसिंग प्लांट भेजा गया है।
वर्ष 2023 में विभिन्न फसलों का उत्पादन और वितरण
उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में कुल 143.15 क्विंटल धान, 11 क्विंटल अरहर, 57 क्विंटल गेहूं और 6.005 क्विंटल सरसों का उत्पादन हुआ। इसमें से 98.75 क्विंटल धान को सीधे सीड प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा गया, जबकि शेष 118.405 क्विंटल बीज का इस्तेमाल किसानों के प्रदर्शन और प्रशिक्षण कार्यों में किया गया। इस प्रकार 2023 में कुल उत्पादन का सही प्रबंधन करते हुए बीज प्रसंस्करण और शोध व प्रदर्शन गतिविधियों को पूरा किया गया।
वर्ष 2024 का उत्पादन और प्रोसेसिंग प्लांट का ब्योरा
इसी तरह वर्ष 2024 में कुल 115.13 क्विंटल धान का उत्पादन दर्ज किया गया, जिसमें से 100 क्विंटल धान सीड प्रोसेसिंग प्लांट भेजा गया और 14.33 क्विंटल का उपयोग प्रदर्शन के लिए किया गया। इसके अतिरिक्त 11 क्विंटल अरहर भी सीड प्रोसेसिंग के लिए भेजी गई। वहीं गेहूं की बात करें तो कुल 92.6025 क्विंटल गेहूं का उत्पादन हुआ, जिसमें से 81.00 क्विंटल सीड प्रोसेसिंग प्लांट को भेजा गया और शेष 11.6025 क्विंटल बीज का उपयोग किसानों के प्रशिक्षण व प्रदर्शन में किया गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







