तबादले के बाद 'नेतागिरी' कर रहे थे लेखपाल साहब, अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में SDM ने किया निलंबित
अवकाश लिए बिना लगातार अनुपस्थित चल रहे लेखपाल संदीप
सरकारी निर्देशों का पालन करने में की अनदेखी
एसडीएम दिव्या ओझा ने किया निलंबन आदेश जारी
स्थानीय लोगों ने की थी काम न करने पर इनकी शिकायत
चंदौली जिले में अपने कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में लेखपाल संदीप को एसडीएम दिव्या ओझा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर बिना अवकाश स्वीकृत कराए अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने और निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, लेखपाल संदीप अपने हल्के के दो गांवों से लंबे समय से अनुपस्थित थे, जिसके चलते किसानों और ग्रामीणों को जरूरी कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हल्का परिवर्तन के बाद भी उन्होंने अपने नए कार्यक्षेत्र में कार्यभार ग्रहण नहीं किया और पुराने स्थान पर ही बैठते रहे। यह आचरण एसडीएम के आदेशों और राजस्व विभागीय नियमों का उल्लंघन माना गया।
विभागीय अभिलेखों के सत्यापन और निरीक्षण कार्यों में भी उन्होंने कई बार अनावश्यक देरी की। जांच के दौरान जब उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया तो उन्होंने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। यहां तक कि विभागीय टीम के सहयोग में भी उन्होंने टालमटोल रवैया अपनाया, जिससे कार्य प्रभावित हुआ।
एसडीएम दिव्या ओझा ने सभी तथ्यों की समीक्षा कर इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निलंबन का आदेश जारी किया और विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






