लेखपालों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू: उच्च वेतनमान और भत्तों की मांग, तहसील में वादकारी परेशान
अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपाल संघ का कार्य बहिष्कार
तहसीलों में ठप हुए राजस्व कार्य
सरकार को चेतावनी- मांगें पूरी नहीं हुई तो उग्र होगा आंदोलन
चंदौली जनपद में प्रदेश संगठन के आह्वान पर लेखपाल संघ ने अपनी लंबित पाँच सूत्रीय मांगों को लेकर सामूहिक कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। जिले की सभी प्रमुख तहसीलों—सकलडीहा, सदर, चकिया, मुगलसराय, और नौगढ़ में लेखपाल अपने कामकाज से दूर रहकर इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं, जिसके कारण राजस्व से जुड़े कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और वादकारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उच्च ग्रेड पे और पदोन्नति की मांग
लेखपाल संघ की मांगों में सबसे महत्वपूर्ण मांग है प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण। संगठन की मांग है कि वर्तमान में मिल रहे 2000 ग्रेड पे को बढ़ाकर 2800 किया जाए। लेखपालों का तर्क है कि पे ग्रेड पहले 2000 और 2800 हुआ करता था, जिसे संशोधित करके अब 2400 तय कर दिया गया है, जिससे उनमें गहरा असमानता का भाव है। इसके साथ ही, पदोन्नति में समान अवसर सुनिश्चित करने और एसीपी (ACP) से जुड़ी विसंगतियों को तुरंत दूर करने की भी मांग की जा रही है, ताकि योग्य लेखपालों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके।
भत्तों में वृद्धि की अनिवार्यता
वेतनमान के अलावा, लेखपालों ने बाइक भत्ता, स्टेनरी भत्ता, और आवास भत्ता बढ़ाने की मांग को भी मजबूती से उठाया है। उनका कहना है कि उन्हें वर्तमान में केवल 200 रुपये साइकिल भत्ता, 100 रुपये स्टेनरी भत्ता और 800 रुपये आवास भत्ता दिया जाता है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में अत्यंत अपरिप्याप्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में दैनिक फील्ड कार्य, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचना और बढ़ते खर्च के चलते इन भत्तों में तत्काल वृद्धि आवश्यक हो गई है।
सरकार को उग्र आंदोलन की चेतावनी
लेखपाल संघ का कहना है कि सरकार द्वारा कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद, उनकी जायज़ मांगों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार समय रहते उनकी पाँच सूत्रीय मांगें पूरी नहीं करती है, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक और उग्र रूप लेगा। लेखपालों का यह सामूहिक विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती और वे सामान्य कामकाज पर नहीं लौटते।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







