महेवा ट्रॉमा सेंटर में जल्द शुरू होगा इलाज, बिहार और पड़ोसी जिलों को मिलेगी बड़ी राहत
चंदौली के महेवा में ट्रॉमा सेंटर जल्द होगा शुरू
20 बेड, ICU और विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी सुविधा
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार
चंदौली जिले के नियामताबाद विकास खंड के महेवा गांव में नेशनल हाईवे के किनारे बन रहे ट्रामा सेंटर में जल्द ही इलाज की सुविधा शुरू होने वाली है। यह सेंटर न सिर्फ चंदौली जिले के लिए बल्कि पड़ोसी राज्य बिहार के साथ-साथ मिर्जापुर, सोनभद्र और गाजीपुर जैसे आसपास के जनपदों के मरीजों और तीमारदारों के लिए भी एक बड़ी राहत लेकर आएगा। वर्तमान में सेंटर में फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है, जिसके बाद इसे हैंडओवर करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
परियोजना में बदलाव और नया संचालनकर्ता
इस ट्रामा सेंटर का शिलान्यास 8 दिसंबर 2018 को लेवल-3 सेंटर के रूप में हुआ था, जिसकी अनुमानित लागत करीब 3.12 करोड़ रुपये थी। बाद में इसे लेवल-2 ट्रामा सेंटर के रूप में उच्चीकृत किया गया। शुरुआत में, 2019 में बीएचयू के तत्कालीन कुलपति और मंडलायुक्त के बीच हुई बैठक में यह तय किया गया था कि संचालन की जिम्मेदारी बीएचयू के पास होगी, क्योंकि जिले के स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त साधन और अनुभव नहीं था। हालांकि, बीएचयू प्रशासन ने आवासीय सुविधाओं की मांग रखी, जिससे निर्माण कार्य रुक गया था। अब शासन ने हस्तक्षेप करते हुए इसके संचालन का जिम्मा बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज को सौंपने का निर्णय लिया है। इसके निर्माण और उच्चीकरण के लिए 16.39 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई और 28 अगस्त 2023 को उच्चीकरण का शुभारंभ किया गया था।
अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा लैस ट्रामा सेंटर
यह लेवल-2 ट्रामा सेंटर अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस होगा। इसमें कुल 20 बेड होंगे, जिनमें 10 जनरल बेड और 10 आईसीयू बेड शामिल हैं। चिकित्साकर्मियों की स्थायी तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें सर्जन, एनेस्थेटिक, आर्थोपेडिक सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ और ईएमओ सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसके अलावा, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय भी नियुक्त होंगे। यहां कलर एक्स-रे, डिजिटल अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, वेंटिलेटर और एक ब्लड बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। चिकित्सा आपातकाल के लिए हर समय चार चिकित्साधिकारी तैनात रहेंगे, साथ ही दो मॉड्यूलर और एक माइनर ऑपरेशन थिएटर भी होगा।
जल्द शुरू होगी इलाज की सुविधा
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. वाईके राय ने बताया कि जिले में बन रहे ट्रामा सेंटर में फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और ट्रामा सेंटर को शुरू कराकर मरीजों के लिए इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






