जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

लखनऊ के आम महोत्सव में शामिल होंगे चंदौली के प्रगतिशील बागवान, आम उत्पादकों को मिलेगा बड़ा मंच

महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों और उनसे बने खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिला उद्यान विभाग की ओर से जिले के प्रगतिशील बागवानों और उद्यमियों को प्रतिभाग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
 

चार से छह जुलाई तक चलेगा आयोजन

विभिन्न किस्मों के आम और उत्पाद होंगे प्रदर्शित

जिला उद्यान विभाग द्वारा किसानों को किया जा रहा प्रेरित

प्रत्येक प्रजाति के कम से कम 1 किलो या 5 श्रेष्ठ आम होंगे प्रदर्शित

महोत्सव से आम उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण को मिलेगा बढ़ावा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 4 से 6 जुलाई तक उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्यस्तरीय आयोजन में प्रदेश के 19 मंडलों के प्रगतिशील बागवान, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमी एवं विभागीय अधिकारी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। वाराणसी मंडल की ओर से चंदौली जिले के भी किसान इस आयोजन में भाग लेंगे।

महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों और उनसे बने खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिला उद्यान विभाग की ओर से जिले के प्रगतिशील बागवानों और उद्यमियों को प्रतिभाग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि चंदौली समेत वाराणसी मंडल, सहारनपुर, आगरा, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, चित्रकूट, अलीगढ़, देवीपाटन, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, झांसी, अयोध्या और मिर्जापुर मंडल के किसान इसमें भाग लेंगे।

निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग भानु प्रकाश राम के निर्देशानुसार प्रदर्शनी में आम की प्रत्येक किस्म का न्यूनतम एक किलोग्राम या आकार बड़ा होने पर कम से कम पांच श्रेष्ठ फल प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए सात श्रेणियों में कुल 58 वर्ग तथा आम से निर्मित संरक्षित उत्पादों के लिए 11 अतिरिक्त वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इसका उद्देश्य अधिकाधिक बागवानों, उद्यमियों और प्रदर्शकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

इस महोत्सव के माध्यम से न केवल किसानों को अपने उत्पादों को मंच मिलेगा बल्कि आम की दुर्लभ और उच्च गुणवत्ता वाली प्रजातियों का प्रचार-प्रसार भी होगा। जिससे प्रदेश के आम उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*