जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सपा नेता मनोज सिंह डब्लू का रक्षाबंधन कार्यक्रम: कलाई पर राखी बांधने उमड़ी महिलाओं की भारी भीड़

सैयदराजा के कमालपुर में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को बहनों ने राखी बांधी। पूर्व विधायक ने महिलाओं को साड़ी-मिठाई भेंट कर सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण का भरोसा दिलाया।

 
 

कमालपुर में आयोजित हुआ रक्षाबंधन कार्यक्रम

पूर्व विधायक मनोज सिंह को बांधी राखी

साड़ी और मिठाई देकर निभाया फर्ज

आशा बहुओं और रसोइयों का समर्थन

महिलाओं की सुरक्षा का लिया संकल्प

चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कमालपुर कस्बे के एक निजी लॉन में रक्षाबंधन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने पूर्व विधायक को भाई मानकर उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा।

chandauli-manoj-singh-dablu-rakshabandhan-event-kamalpur

साड़ी और मिठाई का गिफ्ट देकर निभाया भाई का फर्ज
बहनों द्वारा कलाई पर राखी बांधे जाने के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी एक भाई का फर्ज पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने समारोह में पहुंची सभी बहनों को उपहार स्वरूप साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य व सुरक्षा की कामना की। पूर्व विधायक ने कहा कि सैयदराजा की बहनों से उनका जुड़ाव आत्मीय और जीवनभर कायम रहने वाला है।

chandauli-manoj-singh-dablu-rakshabandhan-event-kamalpur

अत्याचार और उत्पीड़न के खिलाफ हमेशा खड़ा रहेगा भाई
समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि वर्तमान सरकार में जो महिलाएं विशेष रूप से पीड़ित हैं, उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए उनका यह भाई हमेशा तैयार रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं को शक्ति स्वरूपा माना गया है, लेकिन बढ़ते अपराधों के कारण वे असुरक्षित महसूस कर रही हैं। ऐसे समय में उनकी सामाजिक सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण बहुत जरूरी है।

आशा बहुओं, रसोइयों और समूह की महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई का वादा
पूर्व विधायक ने महिलाओं के आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं का शिक्षित होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आशा बहुओं, आंगनबाड़ी रसोइयों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी और उन्हें उनका हक दिलाया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*