जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के नाम पर वसूली का मनोज सिंह डब्लू करेंगे विरोध, सोमवार को देंगे धरना

चंदौली मेडिकल कॉलेज में विधवा मरीज के ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अधिकारियों से शिकायत के बाद सोमवार को धरने का ऐलान किया है।

 

चंदौली मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार

विधवा मरीज से 30 हजार मांग

ऑपरेशन के नाम पर अवैध वसूली

मनोज सिंह डब्लू का धरना

मेडिकल कॉलेज में मरीज परेशान

चंदौली। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में एक विधवा मरीज के ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मोर्चा खोल दिया है। साथ ही कहा है कि वह अधिकारियों को लेटर देने जा रहे हैं और परमीशन मिले या न मिले वो धरना जरूर देंगे। मनोज सिंह डब्लू ने कहा है कि मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सोमवार को दल-बल के साथ धरना देना है। 


आपको बता दें कि धानापुर क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी विधवा किताबी देवी पैर के ऑपरेशन के लिए करीब 10 दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थीं। आरोप है कि चिकित्सक उन्हें ऑपरेशन के लिए ओटी में लेकर गए, जहां परिजनों से 30 हजार रुपये की मांग की गई। परिजनों का आरोप है कि पैसे देने में असमर्थता जताने पर चिकित्सक पंकज मौर्या ने महिला को ऑपरेशन कक्ष से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उनके पैर में कच्चा प्लास्टर लगाकर कई दिनों तक अस्पताल में रखा गया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें दलाल के जरिए पैसे की मांग की जा रही है। 

शिकायत के बाद भी नहीं हुआ ऑपरेशन
मामले की जानकारी होने पर परिजनों ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित सिंह और सीएमओ से मामले की शिकायत की। आरोप है कि मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद भी महिला का ऑपरेशन नहीं हुआ। इसके बाद पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी को भी पूरे मामले की जानकारी दी, लेकिन इसके बावजूद ऑपरेशन नहीं हो सका।

chandauli-medical-college-operation-corruption-30-thousand-rupees

आउटसाइडर पर भी पैसे मांगने का आरोप
मनोज सिंह डब्लू के मुताबिक, मामला प्रधानाचार्य और सीएमओ के संज्ञान में आने के बाद चिकित्सक की ओर से रखे गए आउटसाइडर मनोज नाम के व्यक्ति ने भी महिला के परिजनों से पैसे मांगे। आरोप है कि पहले 13 हजार रुपये और बाद में 10 हजार रुपये की मांग की गई। आर्थिक रूप से परेशान परिवार ने इसके बाद पूर्व विधायक से मदद की गुहार लगाई। शनिवार को मनोज सिंह डब्लू मेडिकल कॉलेज पहुंचे और जिलाधिकारी को भी मामले से अवगत कराया।

chandauli-medical-college-operation-corruption-30-thousand-rupees

निजी अस्पताल में कराया भर्ती
पूर्व विधायक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन नहीं होने के बाद उन्होंने महिला को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में गरीब और जरूरतमंद मरीजों से धन की वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि ऑपरेशन के नाम पर पैसे मांगने और बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

सोमवार को दल-बल के साथ धरना
मनोज सिंह डब्लू ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सोमवार को दल-बल के साथ धरना देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों का आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार की स्थिति गंभीर है और जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी में भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार से जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*