चंदौली में मिशन शक्ति 6.0 का आगाज, SP आकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की जागरूकता रैली, महिला पुलिस ने निकाला पैदल मार्च
चंदौली में मिशन शक्ति फेज-6.0 शुरू
SP आकाश पटेल ने दिखाई हरी झंडी
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान का संदेश
पुलिस लाइन से बिछिया तक पैदल मार्च
1090, 112, 181 हेल्पलाइन की दी जानकारी
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर चंदौली जिले में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए बड़े अभियान की शुरुआत हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस के महत्वपूर्ण अभियान मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार, 12 अक्टूबर 2026 को भव्य पैदल मार्च निकाला गया। इस पैदल मार्च को पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने चंदौली पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च का मुख्य मकसद महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस लाइन से बिछिया तक निकला मार्च
यह जागरूकता पैदल मार्च चंदौली पुलिस लाइन से शुरू हुआ। इसके बाद चंदौली कस्बा होते हुए ग्राम बिछिया तक गया और फिर वापस पुलिस लाइन में आकर समाप्त हुआ। मार्च में महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा और सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी मौजूद रहे। मार्च में महिला पीआरडी, होमगार्ड, सहायक नर्स, नर्सिंग स्कूल के बच्चे, महिला सफाई कर्मचारी, आशा बहुएं, विभिन्न स्कूलों की छात्राएं और अध्यापक भी शामिल हुए।
नारी सुरक्षा, सम्मान का दिया संदेश
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-6.0 का उद्देश्य समाज में महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के बारे में जागरूक करना है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। महिलाओं को 1090, 112, 181, 1098 और 1930 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी आपराधिक घटना पर बिना डरे पुलिस से मदद लें।
SP ने दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना जाए। शिकायतों पर तुरंत और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जाए। जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए।
सशक्त नारी, सुरक्षित समाज
एसपी ने कहा कि मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत महिलाओं को निडर होकर आगे बढ़ने का माहौल देना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि महिलाओं या बच्चों से जुड़ी किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान ही समाज का सम्मान है और महिला स्वावलंबन से ही असली सशक्तिकरण संभव है। चंदौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिला सुरक्षा और सम्मान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद करें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







