सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने PM नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, क्या मोदीजी मानेंगे इनकी दो मांगे
समाजवादी पार्टी के नेता वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर जनहित से जुड़े दो अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने थियोसोफिकल सोसायटी की संपत्तियों में हेराफेरी के साक्ष्य सौंपे और चंदौली के किसानों का मुआवजा बढ़ाने की मांग की।
पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सपा नेता वीरेंद्र सिंह
थियोसोफिकल सोसायटी संपत्ति हेराफेरी के सौंपे साक्ष्य
चंदौली के किसानों का सर्किल रेट बढ़ाने की मांग
जमीन का उचित मुआवजा देने की पीएम से अपील
जनहित और किसानों के मुद्दों पर न्याय की लड़ाई
चंदौली जिले के सांसद व समाजवादी पार्टी के नेता वीरेंद्र सिंह क्षेत्र और जनहित के मुद्दों को लेकर एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की। पीएम मोदी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने जनता से जुड़े दो अति गंभीर मामलों को सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष रखने की जानकारी दी।
थियोसोफिकल सोसायटी संपत्ति हेराफेरी का उठाया मामला
मुलाकात के दौरान वीरेंद्र सिंह ने 'इंडियन सेक्शन ऑफ द थियोसोफिकल सोसायटी' की बेशकीमती संपत्तियों में की जा रही कथित हेराफेरी का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पीएम मोदी को दस्तावेजी साक्ष्य सौंपते हुए आरोप लगाया कि संस्था की संपत्तियों का इस्तेमाल चहेते लोगों को नाजायज लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
चंदौली के किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग
इसके साथ ही उन्होंने चंदौली जिले के किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा। वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि अन्य राज्यों और जिलों की तुलना में चंदौली की जमीन का सर्किल रेट काफी कम है। उन्होंने मांग की कि सर्किल रेट को तत्काल बढ़ाया जाए ताकि विकास परियोजनाओं में अधिगृहीत होने वाली जमीनों का किसानों को न्यायोचित और उचित मुआवजा मिल सके।
जनहित की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
वीरेंद्र सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की संपत्ति में हेराफेरी का मामला हो या फिर किसानों के हक का सवाल, वे खामोश नहीं बैठेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनहित और किसानों के अधिकारों के लिए उनकी न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर शीर्ष स्तर तक निरंतर जारी रहेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








