मुगलसराय के सहजौर में गंगा तट पर उतराया मिला शव, सुबह दौड़ने निकले युवकों ने दी सूचना।
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव के पास गंगा किनारे एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
सहजौर गांव के पास गंगा किनारे मिला शव।
सुबह दौड़ने गए युवकों ने देखी लाश।
करीब 4 दिन पुराना लग रहा है शव।
पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त के प्रयास तेज।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका।
चंदौली जिले में रविवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सहजौर गांव के पास गंगा नदी के किनारे एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
दौड़ लगाने गए युवकों ने दी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह सहजौर गांव के कुछ युवक रोज की तरह गंगा किनारे रेत पर दौड़ लगाने और व्यायाम करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के किनारे लगे एक शव पर पड़ी। युवकों ने तुरंत इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
हत्या या हादसा: पुलिस जांच में जुटी
प्राथमिक जांच में शव की उम्र करीब 45 वर्ष आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखकर पुलिस और स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह करीब तीन से चार दिन पुराना है। शव काफी हद तक फूल चुका था, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह कहीं पीछे से बहकर यहां आया होगा। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने व्यक्ति की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की आशंका भी व्यक्त की है।
मुगलसराय प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसके लिए आसपास के थानों में सूचना भेज दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







