'गुरु' या गुनहगार?: नौगढ़ के प्राथमिक विद्यालय में छात्रा को कड़े से पीटने का आरोप, सीएचसी से चकिया अस्पताल रेफर
नौगढ़ में छात्रा को कड़े से पीटने का आरोप
प्राथमिक विद्यालय केसार की दर्दनाक घटना
घायल छात्रा सीएचसी से चकिया रेफर
आरोपी शिक्षक रिंकू सिंह पर पुलिस तहरीर
24 घंटे बीतने पर भी कार्रवाई में देरी
उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों को भयमुक्त शिक्षा देने के सरकारी दावों की पोल नौगढ़ क्षेत्र में खुलती नजर आ रही है। प्राथमिक विद्यालय केसार में कक्षा पांच की छात्रा प्रियंका को शिक्षक रिंकू सिंह द्वारा लोहे के कड़े से बेरहमी से पीटने का गंभीर मामला सामने आया है। पिटाई से छात्रा की पीठ और रीढ़ की हड्डी पर गहरे निशान पड़ गए हैं।
सवाल पूछने पर शिक्षक ने की बर्बरता
पीड़ित छात्रा का कहना है कि उसने कक्षा में सिर्फ गणित का एक सवाल पूछा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उसकी पीठ पर लगातार कई वार कर दिए। दर्द से कराहती बच्ची जब घर पहुंची तो पीठ पर काले पड़े निशान देखकर परिजन सन्न रह गए। इसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए।
सीएचसी नौगढ़ से संयुक्त चिकित्सालय चकिया रेफर
छात्रा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने संयुक्त चिकित्सालय चकिया रेफर कर दिया। अस्पताल में तैनात डॉक्टर चंद्र कुमार के अनुसार चोट काफी गंभीर है, जिसके लिए विस्तृत मेडिकल जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति और साफ होगी।
24 घंटे बाद भी ठोस कार्रवाई न होने पर आक्रोश
घटना के तुरंत बाद छात्रा के पिता रवि राव ने चकरघट्टा थाने में तहरीर देकर आरोपी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई कड़ा कदम नहीं उठाया गया है। पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों ही फिलहाल जांच का आश्वासन दे रहे हैं, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
एसडीएम के पहुंचते ही हरकत में आया प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय मिश्रा स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा का हाल-चाल लिया। एसडीएम के मौके पर पहुंचते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय दिखाई देने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उच्च अधिकारी दखल न देते तो मामले को दबाने का प्रयास किया जा सकता था। फिलहाल गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








