70वीं राज्यस्तरीय वुशू प्रतियोगिता का समापन: मेरठ मंडल बना ओवरऑल चैंपियन, मिर्जापुर रनर-अप
चंदौली के सैयदराजा स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में 4 दिवसीय 70वीं राज्यस्तरीय वुशू प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में मेरठ मंडल ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि स्थानीय विधायक ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए बड़ी आर्थिक मदद का ऐलान किया।
सैयदराजा में 4 दिवसीय राज्यस्तरीय वुशू प्रतियोगिता संपन्न
प्रदेश के 11 मंडलों से 220 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मेरठ मंडल 92 अंकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन
मिर्जापुर मंडल रनर-अप और वाराणसी मंडल तीसरे स्थान पर रहा
विधायक सुशील सिंह ने खिलाड़ियों के लिए ₹51,000 और ₹1 लाख की मदद का किया ऐलान
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सैयदराजा स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित 4 दिवसीय 70वीं राज्यस्तरीय वुशू (मार्शल आर्ट्स) प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ विजेताओं का सम्मान किया गया। इस चार दिवसीय आयोजन में प्रदेश भर के 11 मंडलों से आए बालक व बालिका वर्ग (अंडर-17 एवं अंडर-19) के लगभग 220 खिलाड़ियों ने ताउलु और सांडा फाइटिंग स्पर्धाओं में अपना दम-खम दिखाया और बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मेरठ मंडल ने लहराया परचम, मिर्जापुर उपविजेता और वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा
पूरी प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ मंडल ने 92 अंक हासिल कर बालक व बालिका दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, 35 अंक हासिल कर मिर्जापुर मंडल रनर-अप (उपविजेता) रहा। मेजबान वाराणसी मंडल ओवरऑल तालिका में तीसरे स्थान पर रहा। समापन अवसर पर माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित दर्शकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विधायक सुशील सिंह का बड़ा ऐलान: प्रदेश स्तर के खिलाड़ियों को ₹51 हजार और देश स्तर पर मिलेंगे ₹1 लाख
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने सभी विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की प्रेरणा देता है। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक ने एक बड़ी घोषणा की—उन्होंने कहा कि यदि उनके सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र का कोई भी खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर किसी भी खेल प्रतियोगिता में भाग लेता है, तो उसे उनकी ओर से ₹51,000 तथा राष्ट्रीय (देश) स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ी को ₹1,00000 (एक लाख रुपये) की आर्थिक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रेया का हुआ सम्मान, गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में पहुंचे माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य हरेंद्र राय ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है, जिसके सुखद परिणाम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को मिल रहे मेडल के रूप में सामने आ रहे हैं। इस अवसर पर मेरठ से आईं वुशू की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रेया को विधायक द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश कुमार केसरी, वाराणसी मंडल के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, 11 मंडलों के कोच, स्काउट गाइड के बच्चे और स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







