चंदौली में 2,441 MSP पर धान खरीद शुरू, DM ने केंद्र का निरीक्षण कर किसानों को दिया संदेश
जिलाधिकारी ने किसान के साथ फीता काटकर धान खरीद शुरू की
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,441 प्रति कुंतल तय किया गया
सफाई और छनाई के लिए किसानों को ₹20 अतिरिक्त मिलेंगे
जिले में कुल 147 धान क्रय केंद्र किए गए मंजूर
बिचौलियों से बचकर सरकारी केंद्रों पर फसल बेचें किसान
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत चंदौली जिले में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर धान खरीद की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पहुंचकर खरीद व्यवस्था और पारदर्शिता का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद किसानों से बात करके उनकी समस्याएं और व्यवस्थाओं के बारे में जाना। इससे पहले जिलाधिकारी ने धान बेचने आए किसान के साथ मिलकर फीता काटा और धान खरीद की औपचारिक शुरुआत की।
₹2,441 एमएसपी और ₹20 अतिरिक्त राशि
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में धान खरीदने के लिए कुल 147 धान क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जहां अलग-अलग क्रय संस्थाओं के जरिए किसानों की उपज खरीदी जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,441.00 प्रति कुंतल तय किया है। इसके अलावा धान की सफाई और छनाई के लिए किसानों को ₹20.00 प्रति कुंतल की अतिरिक्त रकम भी दी जाएगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे तय मानकों के हिसाब से उपज लेकर केंद्रों पर आएं, जिससे तौल और खरीद में आसानी रहे।
पंजीयन और जरूरी कागजातों के नियम
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का फायदा लेने के लिए किसानों का खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल Fcs.up.gov.in पर पंजीयन कराना जरूरी है। इसके विकल्प के तौर पर किसान फार्मर रजिस्ट्री के जरिए भी अपना धान बेच सकते हैं। खरीद के समय किसानों को अपने पंजीयन प्रपत्र और जरूरी कागजात साथ लाना अनिवार्य होगा। इससे खरीद प्रक्रिया सही और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सकेगी।
बिचौलियों से दूर रहने की अपील
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे बिचौलियों के माध्यम से धान न बेचें और सीधे मंजूर सरकारी क्रय केंद्रों पर जाकर तय कीमत का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और नियम के अनुसार निष्पक्ष खरीद हो। केंद्रों पर आने वाले किसानों के लिए साफ पीने के पानी और धूप व मौसम से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने खरीद व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या गड़बड़ी सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियम के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। इस मौके पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह के साथ बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







