अपराधियों पर 'शिकंजा' अभियान में 17 इनामी बदमाशों को दबोचा, वाराणसी जोन में नं. 1 बनी चंदौली पुलिस
चंदौली पुलिस ने पकड़े इनामी अपराधी
'शिकंजा' अभियान में चंदौली अव्वल
वाराणसी जोन में चंदौली का दबदबा
एसपी चंदौली को मिला प्रशस्ति पत्र
चंदौली जनपद में पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “शिकंजा” के दौरान चंदौली पुलिस ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया है। पुलिस ने पूरे वाराणसी जोन में पहला स्थान हासिल करते हुए अपनी सक्रियता और मुस्तैदी का लोहा मनवाया है। 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चले इस जोन-स्तरीय अभियान में कुल 39 पुरस्कार घोषित अपराधियों को दबोचा गया, जिसमें अकेले चंदौली पुलिस ने 17 इनामिया बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता पाई है।
अलग-अलग इनामी बदमाश दबोचे गए
इस विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार किए गए शातिर अपराधियों में 50 हजार रुपये के 10, 25 हजार रुपये के 26, 20 हजार रुपये का एक और 10 हजार रुपये के 2 इनामी अपराधी शामिल हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो चंदौली के बाद गाजीपुर में 5, जौनपुर व सोनभद्र में 4-4, जबकि मिर्जापुर, भदोही और आजमगढ़ में 3-3 पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है।
गंभीर अपराधों में शामिल थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्त में आए ये सभी अपराधी डकैती, लूट, चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, फिरौती के लिए अपहरण, गैंगस्टर एक्ट, गो-तस्करी और शराब तस्करी जैसे गंभीर और जघन्य अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे इनामी और वांछित अपराधियों पर शिकंजा कसना था।

एडीजी और डीआईजी ने की सराहना
चंदौली पुलिस की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोरा ने एसपी चंदौली आकाश पटेल को उनके सफल निर्देशन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही पुलिस टीम की पीठ थपथपाते हुए उनकी जमकर सराहना की। इसके अलावा, डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण को भी उनके कुशल पर्यवेक्षण के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
एसपी आकाश पटेल के कुशल नेतृत्व में चंदौली पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। 'शिकंजा' अभियान की यह बड़ी सफलता पुलिस की सटीक रणनीति और सतर्कता का परिणाम है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए गंभीर अपराधों में वांछित बदमाशों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







