जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

Police Line Accident: निर्माणाधीन पुलिस लाइन की 5वीं मंजिल से गिरकर मजदूर अशोक राय की मौत, सुरक्षा पर सवाल

सकलडीहा थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में निर्माणाधीन पुलिस लाइन की पांचवीं मंजिल से गिरकर 34 वर्षीय मजदूर अशोक राय की मौत, वाराणसी ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

 
 

पुलिस लाइन 5वीं मंजिल से गिरा मजदूर

भोजपुर निवासी अशोक राय की मौत

निर्माण स्थल पर सुरक्षा पर सवाल

पत्नी तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल

थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने की पुष्टि

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव में बन रही नई पुलिस लाइन में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शुक्रवार को काम के दौरान पांचवीं मंजिल से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर निर्माण कार्य के दौरान सामान उठा रहा था और अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्यदायी संस्था के लोग आनन-फानन में निजी साधन से घायल मजदूर को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कौन था मृतक?

मृतक की पहचान भोजपुर गांव निवासी अशोक राय पुत्र राम जी राय उम्र 34 साल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक पिछले कई दिनों से निर्माणाधीन पुलिस लाइन में मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार को भी वह रोज की तरह काम पर आया था। सामान उठाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। सभी दौड़कर मौके पर पहुंचे। कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने बिना देर किए उसे निजी वाहन से वाराणसी ट्रामा सेंटर पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

अशोक की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अशोक परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में बूढ़ी मां, पत्नी, तीन छोटी पुत्रियां और एक पुत्र है। अब उसके जाने के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

निर्माणाधीन पुलिस लाइन में हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर पांचवीं मंजिल पर काम के दौरान मजदूरों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, जाली और अन्य सुरक्षा उपकरण क्यों नहीं दिए गए थे? अगर सुरक्षा संसाधन होते तो शायद अशोक की जान बच सकती थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े-बड़े निर्माण कार्यों में अक्सर सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया जाता है। ठेकेदार पैसा बचाने के चक्कर में मजदूरों की जान जोखिम में डाल देते हैं। इस मामले में भी लापरवाही साफ दिख रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि निर्माणाधीन पुलिस लाइन में एक मजदूर की मौत हुई है। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है। मृतक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई वाराणसी में की जा रही है। घटना कैसे घटी, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने कार्यदायी संस्था से भी पूछताछ शुरू कर दी है और पता लगा रही है कि मौके पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*