मनचलों व छेड़खानी करने वालों का डाटा तैयार कर रही है पुलिस, इस मामले में फंसने वालों की खैर नहीं
मनचलों पर नकेल कसने के लिए नया प्लान
चंदौली पुलिस का नया 'कॉपवॉच' दांव
जिले में अब तक 836 शोहदों का डेटा किया गया है फीड
चंदौली जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में चंदौली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के मार्गदर्शन में जिले में मनचलों और शोहदों पर नकेल कसने के लिए एक नया और प्रभावी तकनीक-आधारित तरीका अपनाया गया है।
जिले के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों और एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत छेड़खानी करने वालों को साफ और सख्त संदेश दिया जा रहा है कि उनके गलत कृत्यों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
'कॉपवॉच' ऐप में दर्ज हो रहा मनचलों का पूरा विवरण
चंदौली पुलिस द्वारा मनचलों पर निरंतर निगरानी रखने के लिए 'कॉपवॉच' (CopWatch) नामक एक नया मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च किया गया है। यह ऐप पुलिस को किसी भी घटना स्थल पर पकड़े जाने वाले मनचलों और शोहदों का संपूर्ण विवरण तुरंत दर्ज करने की सुविधा देता है।
ऐप में दर्ज किए जा रहे मुख्य विवरण:-
मनचलों का नाम, पता और मोबाइल नंबर।
उनके वाहन का नंबर (यदि लागू हो)।
उनके विरुद्ध की गई कार्यवाही का विवरण।
यह डेटाबेस भविष्य में पुनरावृत्ति की स्थिति में त्वरित और सख्त विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। मनचलों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि यदि वे अपने व्यवहार में सुधार नहीं करते हैं और दोबारा अपराध करते हैं, तो उनके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
836 मनचलों का विवरण सुरक्षित
इस नई तकनीक का उपयोग शुरू होने के साथ ही चंदौली पुलिस ने मनचलों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा अब तक कुल 836 मनचलों का विवरण 'कॉपवॉच' ऐप में सुरक्षित कर दिया गया है। चंदौली पुलिस की अब इन शोहदों पर पैनी नजर है।
थानावार कार्यवाही का विवरण (अब तक):
थाना मनचलों की संख्या
मुगलसराय 455
चंदौली 241
अलीनगर 96
बलुआ 11
सैयदराजा 11
बबुरी 08
सकलडीहा 07
चकिया 04
कंदवा 02
धानापुर 01
चंदौली पुलिस के इस तरह के कदम से महिला सुरक्षा के प्रति चंदौली पुलिस की गंभीरता दिखायी दे रही है और महिलाओं के खिलाफ तरह तरह के अपराध करने वाले अपराधियों पर तकनीकी रूप से लगाम लगाने की कोशिश कानूनी रुप से जारी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






