UP में चंदौली पुलिस का डंका, IGRS शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में मिली पहली रैंक, 12 थाने भी रहे टॉप पर
यूपी सरकार की IGRS रैंकिंग में चंदौली पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। शत-प्रतिशत शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर विभाग ने न केवल 135 में से 135 अंक हासिल किए, बल्कि जनपद के 12 थानों ने भी प्रदेश में टॉप किया है।
आईजीआरएस रैंकिंग में चंदौली को प्रथम स्थान
जनपद के 12 थाने बने प्रदेश में नंबर वन
शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
एसपी आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में मिली सफलता
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया गया मूल्यांकन
उत्तर प्रदेश सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति और अपराध के प्रति सख्त रुख को अपनाते हुए चंदौली पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। राज्य सरकार की समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में चंदौली पुलिस ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। माह फरवरी 2026 की इस रैंकिंग में जनपद ने 135 में से 135 अंक हासिल कर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है।

12 थानों ने भी गाड़ा सफलता का झंडा
इस रैंकिंग की सबसे खास बात यह रही कि केवल जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि थाना स्तर पर भी चंदौली का प्रदर्शन शानदार रहा। जिले के 16 थानों में से 12 थानों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि जिले में शिकायतों को लेकर पुलिस कितनी गंभीर और तत्पर है।
एसपी आदित्य लांग्हे का कुशल मार्गदर्शन
पुलिस अधीक्षक चंदौली, श्री आदित्य लांग्हे द्वारा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए सख्त निर्देश दिए गए थे। एसपी कार्यालय में गठित विशेष आईजीआरएस सेल द्वारा प्राप्त शिकायतों को तुरंत संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजा जाता है। इसके बाद क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा तय समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर आख्या प्रस्तुत की जाती है।
फीडबैक सिस्टम से सुधरी गुणवत्ता
चंदौली पुलिस की इस सफलता के पीछे एक प्रमुख कारण 'फीडबैक सिस्टम' है। पुलिस कार्यालय से यह सुनिश्चित किया जाता है कि शिकायतकर्ता पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट है या नहीं। आवेदकों से सीधे संवाद और उनकी संतुष्टि के आधार पर ही शिकायतों को क्लोज किया जाता है, जिससे जांच की गुणवत्ता उच्च बनी रहती है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया गया मूल्यांकन
आपको बता दें कि प्रदेश के सभी जनपदों के जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का मूल्यांकन सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया जाता है। चंदौली पुलिस द्वारा शत-प्रतिशत शिकायतों के निस्तारण और बेहतर पर्यवेक्षण के फलस्वरूप ही जनपद को यह गौरव प्राप्त हुआ है। पुलिस की इस उपलब्धि से न केवल प्रशासनिक हलकों में उत्साह है, बल्कि आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








