अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर पुलिस की कार्यशाला, बालिकाओं को दी गयी जानकारी

विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बतायी
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
महिलाओं के लिए पुलिस की कार्यशैली भी समझायी
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर पुलिस लाइन में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं व बालिकाओं के जीवन में सुधार, सुरक्षित वातावरण, बालिकाओं को शिक्षित बनाने व जीवन की हर चुनौतियों का सामना करने जैसे विभिन्न बिंदुओं पर परिचर्चा करते हुए उनको जानकारी दी।

आज दुनिया भर में दिनांक 11 अक्टूबर अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस हैं। यह दिन महिला शक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। बालिकाओं के जीवन में सुधार, सुरक्षित वातावरण प्रदान करने, उन्हें शिक्षित बनाने और जीवन की हर चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने हेतु बालिका दिवस के मौके पर विभिन्न स्तर से जागरूकता अभियान चलाया जाता है। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास किया जाता है, ताकि महिलाएं भी देश और समाज के विकास में अपना योगदान दे सकें।
आज अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशानुसार अन्य सम्बन्धित विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर पुलिस लाइन चन्दौली स्थित सभागार कक्ष में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित बालिकाओं व छात्राओं को उनके अधिकार और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा हेतु उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया। अपराधों की रोकथाम, महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के दृष्टिगत चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान” के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद के समस्त थानों में नियुक्त महिला बीट पुलिस अधिकारी (शक्ति दीदी) द्वारा क्षेत्र एवं स्कूलों में भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा चलायी जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे-शक्ति मोबाइल, महिला हेल्पडेस्क, महिला साइबर सेल, मातृत्व को सम्बल, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मातृ वंदना योजना आदि के बारे में जानकारी दी।
इसके साथ-साथ महिला अपराध से सम्बन्धित धाराओं एवं उनकी प्रक्रिया, विभिन्न हेल्पलाइन नंबर 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 माननीय मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमन पावर हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन,102 स्वास्थ सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्प लाइन के बारे में अवगत कराया गया।
सभी को बताया गया कि जनपद के समस्त थानों पर 'महिला हेल्प डेस्क' स्थापित किया गया है, जहां पर महिलाओं व बालिकाओं की किसी भी समस्या व शिकायत को महिला पुलिसकर्मी द्वारा सुना जाता है तथा हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने सहित तत्काल उस पर विधिक कार्रवाई हेतु सम्बन्धित को समस्याओं व शिकायतों को प्रेषित किया जाता है। साथ ही कार्रवाई की स्थिति से समय-समय पर अवगत भी कराया जाता रहता है। उक्त के साथ-साथ अन्य विभिन्न बिंदुओं एवं विषयों पर भी की गई परिचर्चा।
उक्त कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, चिकित्साधिकारी श्रीमती डॉ मृदुला, डीपीओ प्रभात कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर रामवीर सिंह, सदस्य बाल कल्याण समिति धर्मेन्द्र सिंह, प्रभारी वन स्टाप सेंटर श्रीमती दीक्षा अग्रहरि, बाल कल्याण अधिकारी किशन वर्मा, निर्देशक अमर ज्योति केंद्र ज्ञान प्रकाश सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*