सैयदराजा थाने के डंपिंग यार्ड में लगी भीषण आग, जब्त की गई 17 गाड़ियां जलकर राख
चंदौली के सैयदराजा थाने में पुलिस द्वारा जब्त की गई गाड़ियों के यार्ड में भीषण आग लग गई। इस घटना में दर्जनों गाड़ियां धू-धू कर जल गईं। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर पिकेट की घटना
तस्करी के मामलों में जब्त 17 गाड़ियां हुईं खाक
फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया आग पर काबू
सीओ देवेंद्र कुमार ने दिए जांच के आदेश
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू
चंदौली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सैयदराजा थाना अंतर्गत नौबतपुर पिकेट के पास स्थित पुलिस डंपिंग यार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। इस आगजनी में तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जब्त कर रखी गई दर्जनों गाड़ियां धू-धू कर जल गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तस्करी में जब्त वाहनों पर बरपा आग का कहर
जानकारी के अनुसार, सैयदराजा पुलिस द्वारा शराब तस्करी, पशु तस्करी और अन्य विभिन्न मामलों में जब्त की गई गाड़ियों को नौबतपुर पिकेट के पास बने एक यार्ड में रखा गया था। गुरुवार को अचानक इस यार्ड से धुएं का गुबार उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि दूर से ही लपटें दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
फायर ब्रिगेड की मशक्कत और नुकसान का आकलन
सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक यार्ड में खड़ी 17 गाड़ियां आग की चपेट में आ चुकी थीं। क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस अग्निकांड में कुल 17 गाड़ियां प्रभावित हुई हैं, जिनमें एक थ्री-व्हीलर और 16 फोर-व्हीलर शामिल हैं। इनमें से 3 गाड़ियां आंशिक रूप से जली हैं, जबकि 14 गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। सीओ देवेंद्र कुमार के अनुसार, इस पूरे मामले में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आग किन्हीं असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई है या यह किसी तकनीकी कारण या शॉर्ट सर्किट का परिणाम है। मामले की विधिक कार्यवाही जारी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






