गार्गी सिंह पटेल की पिटाई का मामला : पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने खारिज की अफवाहें, कहा-प्रेम संबंध की बात गलत
चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर हुए जानलेवा हमले ने अब सियासी और व्यक्तिगत बयानों का नया मोड़ ले लिया है। जहाँ पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने इसे प्रेम संबंध का शक बताया, वहीं गार्गी ने इसे 10 साल की प्रॉपर्टी पार्टनरशिप का विवाद करार दिया है।
घर में घुसकर हुई सपा महिला जिलाध्यक्ष की बर्बर पिटाई
प्रेम संबंध के शक में हुई मारपीट, प्यारेलाल यादव का दावा
हम प्रॉपर्टी के कारोबार में पिछले 10 साल से पार्टनर हैं, गार्गी बोलीं
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का कमेंट
स्वतंत्र देव सिंह के फेसबुक-एक्स पोस्ट से बढ़ा सियासी तापमान
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने जाना पीड़िता का हालचाल
चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर की गई बेरहमी से मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। इस पूरे प्रकरण को लेकर अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है, जिसने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है।
➡️चंदौली जिले में सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट का CCTV वीडियो वायरल
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) May 28, 2026
➡️घटना के कारणों का अब तक नहीं चल सका पता
➡️वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज#Chandauli #SPMahilaMorcha #CCTVViral #ViralVideo #SamajwadiParty #BreakingNews #ChandauliNews… pic.twitter.com/mA9YI9Iroj
पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव ने तोड़ी चुप्पी
सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए अपना पक्ष रखा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस पूरे मामले को समाज में गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। प्यारेलाल के मुताबिक, यह मामला किसी भी तरह से पैसों के लेनदेन या आर्थिक विवाद का नहीं है।
उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि मेरे साथ प्रेम संबंध होने के शक में गार्गी सिंह पटेल के साथ इस मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। प्यारेलाल यादव के इस बयान के बाद पुलिस और राजनीतिक हल्कों में मामले की गंभीरता और अधिक बढ़ गई है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

गार्गी सिंह पटेल का पलटवार: हम बिजनेस पार्टनर हैं
दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती पीड़ित महिला नेता गार्गी सिंह पटेल ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। गार्गी सिंह का कहना है कि वह और प्यारेलाल यादव पिछले 10 वर्षों से प्रॉपर्टी के कारोबार में एक साथ जुड़े हुए हैं और दोनों इस बिजनेस में बराबर के साझेदार हैं।
गार्गी के अनुसार, प्यारेलाल यादव एक सप्ताह पहले लखनऊ में अखिलेश यादव के नेतृत्व में आयोजित समाजवादी पार्टी की बैठक में शामिल होने गए थे, जहाँ उनके साथ गार्गी भी मौजूद थीं। गार्गी ने आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर सपा नेता सिद्धांत जायसवाल ने प्यारेलाल के परिवार वालों के कान भर दिए, जिससे उनके परिवार में गहरी गलतफहमी पैदा हो गई और यह हिंसक घटना घटित हुई।
सीसीटीवी में कैद हुई रूह कंपाने वाली वारदात
यह पूरी घटना बृहस्पतिवार की सुबह करीब 9:24 बजे की बताई जा रही है, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो साक्ष्यों के अनुसार, पांच लोग जबरन गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसते हैं और महिला नेता पर अचानक टूट पड़ते हैं।
हमलावर क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महिला नेता के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटते हैं और लात-घूंसों तथा थप्पड़ों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर देते हैं। इस घातक हमले में गंभीर रूप से घायल हुईं गार्गी सिंह पटेल को तुरंत जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
अरे भाई @yadavakhilesh जी, अभी पिछड़ा वर्ग की सपा महिला विधायक से मारपीट पर आपकी चुप्पी बरकरार ही थी कि अब चंदौली में आपकी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल को घर में घुसकर बाल पकड़कर घसीटा गया…आप ही के स्वजातीय सपाई गुंडों द्वारा लात-घूसों से पीटा गया… टेबल उठाकर सिर…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) May 29, 2026
पंचायती राज मंत्री और स्वतंत्र देव सिंह के बयानों से गरमाई राजनीति
इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लिया है। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने फेसबुक पर एक विस्तृत पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि सपा की महिला विधायक से मारपीट पर अखिलेश यादव की चुप्पी बरकरार थी और अब चंदौली में उनकी ही महिला जिलाध्यक्ष को घर में घुसकर पीटा गया, लेकिन पार्टी नेतृत्व मौन है। उन्होंने इसे गैर-यादव, पिछड़े और दलितों के असुरक्षित होने का प्रमाण बताया।
चंदौली में सपा की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ सपा के गुंडों द्वारा की गई मारपीट ने समाजवादी पार्टी की महिला विरोधी और पिछड़ा विरोधी मानसिकता को पुनः सबके सामने ला दिया है…
— Swatantra Dev Singh (@swatantrabjp) May 29, 2026
वहीं, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चंदौली में सपा के गुंडों द्वारा की गई यह मारपीट समाजवादी पार्टी की महिला विरोधी और पिछड़ा विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का हश्र भी कौरवों जैसा ही होगा।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने जाना हालचाल
घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचकर घायल गार्गी सिंह पटेल से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे महिलाओं के प्रति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अक्षम्य व्यवहार बताया।
राणा प्रताप सिंह ने पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। इस दौरान अस्पताल में सपा नेता चंद्रशेखर यादव, जिला पंचायत सदस्य बबीता यादव और महेंद्र यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी पहुंचकर पीड़िता को सांत्वना दी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








