जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

किसानों को मिलावटी बीज से बचाने की कवायद: चन्दौली में 84 बीज दुकानों पर छापेमारी, 40 नमूने जाँच हेतु भेजे गए

चंदौली में बीज की गुणवत्ता जाँचने के लिए जिला कृषि अधिकारी ने 84 बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। 40 नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे गए। अधोमानक बीज पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। विक्रेताओं को कैश मेमो देने के निर्देश।
 

जिलाधिकारी के निर्देश पर एक्शन में कृषि विभाग

जिला कृषि अधिकारी ने की छापेमारी

बीज की गुणवत्ता जाँच के लिए 84 दुकानों पर औचक निरीक्षण

40 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए

चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के स्पष्ट निर्देशों का पालन करते हुए, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने रैण्डम आधार पर जिले भर के बीज बिक्री केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज मिलें और वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचें।

40 नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु भेजे गए

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि आकस्मिक रूप से 84 बीज बिक्री केन्द्रों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें से 40 बीजों के नमूने लिए गए हैं। सदर, चकिया/नौगढ़ और पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) समेत सकलडीहा तहसील में विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों, जैसे उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक की देखरेख में यह गहन निरीक्षण किया गया। ग्रहीत बीज नमूनों को अब गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है।

मानक उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी कि प्रयोगशाला से परीक्षणोपरान्त यदि कोई भी नमूना अधोमानक (Sub-standard) पाया जाता है, तो संबंधित बीज विक्रेता के विरुद्ध बीज नियंत्रण आदेश 1983 एवं बीज अधिनियम एक्ट 1966 के तहत नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही, सभी बीज विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपना स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर अपडेट रखें, और किसानों को कैश मेमो (रसीद) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएँ।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*