यातायात पुलिस चंदौली ने वसूला ₹10.97 लाख जुर्माना, 904 वाहनों का चालान करके दिया संदेश
दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगाए जा रहे रिफ्लेक्टर
सड़क सुरक्षा माह में स्कूली छात्रों को किया जागरूक
यातायात नियमों के उल्लंघन पर शिकंजा कसने की पहल
चंदौली जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरुकता माह नवंबर के अवसर पर चंदौली पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया, पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी वैभव कृष्ण द्वारा जारी किए गए आदेशों के क्रम में, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में और क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान, प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में यातायात टीम और जनपदीय थाना पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 904 वाहनों का चालान किया, जिससे 10,97,500/- रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
जागरुकता पर रहा विशेष ज़ोर
चालान की कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने जागरुकता पर भी विशेष ज़ोर दिया। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर/यातायात द्वारा थाना मुगलसराय के अंतर्गत स्थित “The Academy Public School”, पडाव में एक चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया।

पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांग्हे का स्पष्ट निर्देश है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके मार्गदर्शन में, यातायात पुलिस चंदौली ने लगातार भ्रमणशील रहकर प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक मार्गों पर सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान वाहन चालकों को निम्नलिखित नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया:
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाएं।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
- अवयस्क को वाहन न चलाने दें।
- चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
- दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग करें।
- वाहनों को ओवरलोड न करें।
पुलिस ने जोर देकर कहा कि "सीटबेल्ट" और "हेलमेट" का प्रयोग चालान के डर से नहीं, बल्कि स्वयं की सुरक्षा के लिए अवश्य करना चाहिए, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या चिंता का विषय है, जिसे नियमों का पालन करके काफी हद तक कम किया जा सकता है।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के क्रम में, पुलिस टीम ने ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थानों) पर विशेष ध्यान दिया है। इस कार्यवाही के अंतर्गत, जनपद के परमार कटरा, सब्जीमण्डी मुगलसराय, आर्य समाज मन्दिर और थाना मुगलसराय के पास जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी बोर्ड लगाए गए।
इन स्थानों पर वाहन चालकों को सतर्क करने हेतु रिफ्लेक्टर पट्टियां लगाई गईं, साथ ही "सावधानी बरतें", "गति सीमा का पालन करें", और "धीरे चलें – सुरक्षित चलें" जैसे संदेश वाले चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
चालान की कार्रवाई का दिया विवरण
दिनांक 03.11.2025 को चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान, यातायात नियमों के उल्लंघन में की गई चालान कार्रवाई का विस्तृत विवरण इस प्रकार है:
क्रम संख्या यातायात नियम उल्लंघन का प्रकार चालान की संख्या
1. बिना हेलमेट 480
2. नो पार्किंग 147
3. तीन सवारी 43
4. सीट बेल्ट 6
5. बिना वैलिड इनस्योरेंस के वाहन चलाना 17
6. यातायात नियमों का उल्लंघन 106
7. गलत दिशा में वाहन चलाना 15
8. गलत नंबर प्लेट 19
9. ड्राइविंग लाइसेन्स न दिखा पाना 11
10. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करना 4
11. जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने वाले 4
12. मदिरा पीकर वाहन चलाना 1
13. क्षमता से अधिक सवारी बैठाना (ऑटो/अन्य) 14
14. प्रदूषण सर्टिफिकेट न दिखा पाना 4
15. फिटनेस/परमिट सर्टिफिकेट न दिखा पाना (संयुक्त) 3
16. काली फिल्म का प्रयोग करना 1
17. बिना वैलिड फिटनेस के वाहन चलाना 10
18. अन्य 5
सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के
सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट (480) के मामलों में किए गए हैं, जो दो पहिया वाहन चालकों में सुरक्षा के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। इसके बाद नो पार्किंग (147) और सामान्य यातायात नियमों का उल्लंघन (106) के मामले प्रमुख रहे।
चंदौली पुलिस का यह अभियान नवंबर माह में जारी रहेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य सख्ती और जागरूकता के समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






