चंदौली पुलिस ने 654 वाहनों का चालान कर ₹7.83 लाख का जुर्माना वसूला, सड़क सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई
चंदौली में विशेष वाहन चेकिंग अभियान
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा घेरा मजबूत
चंदौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरुकता माह नवंबर के अवसर पर चंदौली पुलिस ने एक बड़ा और व्यापक अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहनों पर जुर्माना लगाया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन श्री पीयूष मोर्डिया और पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी श्री वैभव कृष्ण द्वारा जारी आदेशों के क्रम में, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में और क्षेत्राधिकारी यातायात श्री कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया।
सख्ती और जागरुकता का समन्वय
प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में यातायात टीम और जनपदीय थाना पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से यह विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, तीन सवारी, ब्लैक फ़िल्म, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और मानक के अनुरूप नंबर प्लेट न लगाने वाले वाहनों को निशाना बनाया गया।
दिनांक 04.11.2025 को चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान, कुल 654 वाहनों का चालान करते हुए ₹7,83,400/- (सात लाख, तिरासी हज़ार, चार सौ रुपये) का भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया।

सख्ती के साथ-साथ, जागरुकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा थाना मुगलसराय अंतर्गत आईपी मॉल के पास एक चौपाल लगाकर आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए, पुलिस टीम ने ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थानों) पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।
इस कार्यवाही के अंतर्गत, जनपद के होटल सनसाइन, पुलिस फायर स्टेशन और होटल सुभाष पार्क के पास जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए रिफ्लेक्टर पट्टियां, तथा “सावधानी बरतें”, “गति सीमा का पालन करें”, और “धीरे चलें – सुरक्षित चलें” जैसे संदेश वाले चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम
पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में, यातायात पुलिस चंदौली के सभी अधिकारी और कर्मचारीगण जनपद के प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक मार्गों पर लगातार भ्रमणशील रहकर सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम चला रहे हैं।
आमजन व वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया, जिसमें प्रमुख बिंदु ये रहे:
- नशे की हालत में वाहन न चलाना।
- निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाना।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना।
- अवयस्क को वाहन न चलाने देना।
- चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करना।
- दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना।
- वाहनों को ओवरलोड न करना।

चालान कार्रवाई का विस्तृत विवरण
यातायात पुलिस द्वारा नियमों के उल्लंघन पर की गई चालान कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है, जो लापरवाही के मुख्य क्षेत्रों को दर्शाता है:
क्रम संख्या यातायात नियम उल्लंघन का प्रकार चालान की संख्या
1. बिना हेलमेट 413
2. नो पार्किंग 53
3. तीन सवारी 43
4. बिना वैलिड इनस्योरेंस के वाहन चलाना 16
5. मागने पर ड्राइविंग लाइसेन्स न दिखा पाना 15
6. प्रदूषण सर्टिफिकेट न दिखा पाना 14
7. सीट बेल्ट का प्रयोग न करना 12
8. गलत नंबर प्लेट 12
9. गलत दिशा में वाहन चलाना 11
10. बिना वैलिड फिटनेस के वाहन चलाना 9
योग संपूर्ण चालान 654
संपूर्ण कारित राजस्व ₹7,83,400
सर्वाधिक चालान बिना हेलमेट (413) के मामलों में किए गए हैं, जो दो पहिया वाहन चालकों में सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही को इंगित करता है। चंदौली पुलिस का यह विशेष अभियान नवंबर माह में सख्ती और जागरूकता के साथ जारी रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






