जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

यूपी बोर्ड परीक्षा 2023 : कक्ष निरीक्षकों की Online लगेगी ड्यूटी, 2422 कर्मचारियों का डाटा फीड

चंदौली जिले में इसबार यूपी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी आनलाइन लगेगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर इसके लिए 2422 शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का डाटा अपलोड किया गया है।
 

एक कमरे में 40 परीक्षार्थी

दो कक्ष निरीक्षकों की लगेगी ड्यूटी

अन्य विद्यालयों के शिक्षक ही बनेंगे कक्ष निरीक्षक

चंदौली जिले में इसबार यूपी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी आनलाइन लगेगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर इसके लिए 2422 शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का डाटा अपलोड किया गया है। इसके अतिरिक्त परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की मदद भी ली जाएगी। 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहरी तैनात किए जाएंगे। एक कक्ष में 40 परीक्षार्थियों को बैठाने पर दो कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगेगी। विभाग ने कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था के लिए तैयारी प्रारंभ कर दी है।


जनपद में बोर्ड परीक्षा के लिए 88 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से प्रस्तावित है। इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 64 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकल रहित कराने पर शासन एवं परिषद का पूरा जोर है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक अब सभी कक्ष निरीक्षक अपने विद्यालय के तैनात नहीं कर सकेंगे। केंद्रों पर अन्य विद्यालयों के शिक्षक बतौर कक्ष निरीक्षक तैनात होंगे। परीक्षा के दौरान एक कक्ष में 40 परीक्षार्थी बिठाए जाएंगे। इसमें दो कक्ष निरीक्षक की व्यवस्था होगी। इसमें एक बाहरी कक्ष निरीक्षक होगा। 40 से अधिक परीक्षार्थी होने पर तीन कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे। इसमें एक स्कूल और दो बाहर के होंगे। जहाँ बालिकाएं होंगी, वहां कक्ष निरीक्षक के तौर पर शिक्षिका की तैनाती होगी। छात्रा को तलाशी शिक्षिका ही लेंगी। जिन शिक्षकों के परिचित या रिश्तेदार जिस केंद्र पर परीक्षा देंगे वहां उनकी ड्यूटी नहीं लगेगी। वहीं जिस विषय की परीक्षा होगी उस विषय का शिक्षक भी कक्ष निरीक्षक नहीं बनेगा। शासन से निर्देश मिलने के बाद विभाग ने परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी।


कक्ष निरीक्षक नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल: बोर्ड परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक अपने साथ परीक्षा कक्ष के भीतर अपना मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण नहीं ले जा सकेंगे। केंद्र पर मोबाइल को जमा करा लिया जाएगा। जो कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस दिया जाएगा।

                                                                                                                                                                                                         

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*