अप्रैल में और सताएगी गर्मी, 44 के पार होता जा रहा है पारा

जिले में 44 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार इस बार सताएगी गर्मी
वनांचल में रात में भी नहीं कम हो रहा तापमान
जिले में गर्मी बढ़ती जा रही है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को शाम चार बजे के बाद आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अभी तापमान को लेकर राहत नहीं मिलने वाली है। धूप और गर्मी अभी लोगों को सताएगी। चंदौली के वनांचल क्षेत्र चकिया और नौगढ़ का इलाका हरे-भरे पेड़ों से आच्छादित है, लेकिन पहाड़ और पत्थर होने की वजह से कड़ी धूप में ये काफी गर्म हो जा रहे हैं। हरे पेड़ होने के बावजूद तपन से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि दिन तो दिन रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल रही है। दिन में तपन से लोग बेहाल हैं। गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं।

इस सम्बंध में राज्य कृषि व मौसम विभाग प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। आने वाले दिनों में गर्मी और आफत बन सकती है। लू से बचने के लिए लोग सूती व हल्के रंग के कपड़े पहनें। सिर और चेहरा ढककर ही घर से बाहर निकलें। जेब में प्याज रखें या प्याज का सेवन करें।
इस सम्बंध में चंदौली के डीएफओ दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अन्य स्थानों की तरह वनांचल में भी तापमान बढ़ा है, लेकिन वनांचल क्षेत्र में वन्य जीवों के लिए पानी आदि की नियमित व्यवस्था की गई है। कहीं से कोई दिक्कत नहीं है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*