जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदासी इलाके के लोगों को मिलेगी राहत, उपकेंद्र के नए फीडर से होगी कई इलाकों की सप्लाई

चंदासी उपकेंद्र से निकले फीडर संख्या दो पर सबसे अधिक कनेक्शन होने के कारण लोड भी काफी है। ऐसे में गर्मी के दिनों में तारों के टूटने और अन्य फॉल्ट की वजह से सबसे ज्यादा बिजली कटौती होती है।
 

चंदासी उपकेंद्र पर लगा नया फीडर

15 दिनों में नए फीडर से जोड़ दिए जाएंगे 1100 कनेक्शन

बिजली कटौती की समस्या से मिलेगा जल्द समाधान

चंदौली जिले में चंदासी उपकेंद्र से निकले फीडर संख्या दो पर सबसे अधिक कनेक्शन होने के कारण लोड भी काफी है। ऐसे में गर्मी के दिनों में तारों के टूटने और अन्य फॉल्ट की वजह से सबसे ज्यादा बिजली कटौती होती है। इस समस्या के समाधान के लिए विद्युत निगम की ओर से उपकेंद्र पर नया फीडर तैयार किया गया है जो आगामी 15 दिनों में सक्रिय हो जाएगा। 


बताते चलें कि चंदासी उपकेंद्र से नगर में बिजली की आपूर्ति के लिए छह फीडर लगाए गए हैं। इनमें फीडर संख्या दो करीब सात किलोमीटर के दायरे में फैला है। आबादी बढ़ने के साथ कनेक्शनों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। इससे फीडर पर भार बढ़ रहा है। इसे कम करने के लिए उपकेंद्र पर करीब 45 लाख रुपये की लागत से नया फीडर संख्या सात बनाया गया है। 


नए फीडर से फीडर संख्या दो के करीब 2200 कनेक्शनों में से आधे को जोड़ने की योजना है। इससे फीडर संख्या दो का भार कम होगा।


इस सम्बंध में फीडर संख्या दो के जेई मुकेश कुमार यादव ने बताया कि वर्तमान में जर्जर तारों व खंभों को बदलने का कार्य भी चल रहा है। फीडर में लगे हाईटेंशन तार काफी जर्जर हो गए हैं। इससे वे बार-बार टूटकर गिर जाते हैं और बिजली कटौती करनी पड़ती है। ऐसे में गर्मी का प्रकोप कम होने पर फीडर के सभी कनेक्शनों का भार नए फीडर पर डालकर तारों को बदलने के कार्य में सहूलियत होगी। हाईटेंशन तारों को बदल दिए जाने से बिजली कटौती के दंश से उपभोक्ताओं को छुटकारा मिल जाएगा।

                                                                                                                                                                                                                                                                                                                         

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*