जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली जिले को योगी सरकार का एक और तोहफा, चहनियां में बनेगा मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूल

चंदौली जिले के चहनियां विकास खंड के छात्र-छात्राओं को अब इंटर तक विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
 

 एक ही कैंपस में होगी इंटर तक की पढ़ाई

विद्यार्थियों के लिए बनेगा डायनिंग हाल और किचेन

चंदौली के ग्रामीण इलाके में मिलेगी सस्ती और अच्छी शिक्षा

चंदौली जिले के चहनियां विकास खंड के छात्र-छात्राओं को अब इंटर तक विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें सस्ती और अच्छी इंटर तक की पढ़ाई के लिए विकासखंड के हंडा पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूल बनेगा। इसके निर्माण पर 23.58 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जाएगी। इसके लिए शासन से 11.79 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के लिए यूपीपीसीएच को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए 50 फीसदी धनराशि भी भेज दी गई है। 


चहनियां विकास खंड हंडा पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में पांच एकड़ में इसका निर्माण कराया जाएगा। इसमें कक्षा एक से लेकर बारहवीं तक की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। विद्यालय में लगभग 800 छात्र-छात्राओं को आधुनिक शैक्षणिक परिवेश साथ शिक्षित किया जाएगा। स्कूल में पुस्तकालय, कम्प्यूटर रूम और आधुनिक सांइंस रसायन, भौतिकी, जीव विज्ञान एवं गणित की प्रयोगशाला होगी। साथ ही आधुनिक कक्षाएं बनाई जाएंगी और प्रोजेक्टर से लैश किया जाएगा। अध्यापकों एवं विद्यार्थियों के लिए शौचालय युक्त स्टाफ रूम एवं प्रधानाध्यापक के लिए कक्ष की व्यवस्था रहेगी। 

विद्यालय में माडल क्लास चलेंगे। वहीं शैक्षिक एवं खेलकूद संबंधित मल्टी डायमेंशनल और मल्टी स्कूल स्पेश होने के साथ अन्य गतिविधि से सुसज्जित होगा। साथ ही जल संरक्षण इकाई एवं वर्षा जल संचयन इकाई को विकसित किया जाएगा। साथ ही आग से बचाव के लिए आधुनिक अग्निशमन यंत्र की स्थापना होगी। ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम रहें।


विद्यार्थियों के लिए बनेगा डायनिंग हाल और किचेन 


मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूल में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को खाना ग्रहण करने के लिए डाइनिंग हाल, किचन, मल्टीपल हैंडवाशिंग यूनिट और डिशवास यूनिट, यूटिलिटी यार्ड बनाए जाएंगे। बच्चों के खेलकूद के लिए विभिन्न प्रकार के झूलों, ओपन जिम की स्थापना की जाएगी। प्रकाश के लिए सोलर पैनल होंगे। बच्चों के लिए साइकिल स्टैंड, पार्किंग स्थल निर्मित होगा। वातावरण शुद्ध रखने को फलदार व छायादार पौधे रोपे जाएंगे। 


ग्रामीण इलाके में मिलेगी सस्ती और अच्छी शिक्षा 


चहनियां विकास खंड हंडा पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में पांच एकड़ में बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूल से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को सस्ती और बेहतर शिक्षा इंटर तक मुहैया हो सकेगी। दरअसल क्षेत्र में कोई सरकारी विद्यालय इंटर तक नहीं होने से क्षेत्र में संचालित निजी स्कूलों में अभिभावकों अपने बच्चों को भेजने को विवश होते थे। इससे उनपर आर्थिक बोझ पड़ता था। 


वहीं गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावक अपने बच्चों को आगे की पढ़ाई भी नहीं करा पाते थे। साथ ही वज्ञिान वर्ग की पढ़ाई से वंचित हो जाते थे। लेकिन अब इसके निर्माण हो जाने से छात्र-छात्राओं को काफी सहूलियत होने के साथ विज्ञान वर्ग की शिक्षा इंटर तक मिलेगी।

                                                                                                                               

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*