चंदौली में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर कांग्रेस ने मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा
कांग्रेस ने योगी सरकार पर साधा निशाना
आपराधिक आंकड़े पेश कर मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा
प्रदेश महासचिव और जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने पेश किए अपराध के आंकड़े
उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। चंदौली स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह मुन्ना और जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने अपराध के आंकड़े पेश करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगा।
'पूरे देश के 15% महिला अपराध अकेले यूपी में'
कांग्रेस प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह मुन्ना ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पूरे देश में महिलाओं और दलितों के खिलाफ होने वाले अपराधों में से 15% अकेले उत्तर प्रदेश में होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी जनपद ऐसा नहीं है, जहां आए दिन कोई जघन्य अपराध न होता हो। मुन्ना ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है, अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है और शर्मनाक बात यह है कि मुख्यमंत्री जाति और धर्म देखकर अपराधियों की पहचान करते हैं।
चंदौली में बढ़ी आपराधिक घटनाएं
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने चंदौली जिले के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले के थानों में लगभग 1,100 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि अकेले अगस्त महीने में 28 तारीख तक 352 मामले दर्ज किए गए हैं, जो यह साबित करता है कि जिले में अपराध पर कोई अंकुश नहीं है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं।
अरुण द्विवेदी ने हाल की कुछ बड़ी आपराधिक घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें सैयदरजा, धानापुर, बलुआ, सकलडीहा, अलीनगर और मुगलसराय जैसे इलाकों में हुईं हत्याएं, गोलीबारी और अन्य गंभीर वारदातें शामिल थीं। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं साफ तौर पर दिखाती हैं कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है।
मुगलसराय में भी बढ़ा अपराध
मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि मुगलसराय में भी आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने चोरी, शराब तस्करी और भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई। बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रशासन की मिलीभगत से 24 घंटे अवैध शराब बिक रही है और आए दिन स्टेशन पर कछुआ और चांदी जैसी वस्तुओं की तस्करी पकड़ी जा रही है, जो दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि इन आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि वे प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं। प्रेस वार्ता में दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, रामानंद यादव और अन्य कई नेता मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







