जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में खेल मैदान निर्माण में हो रहा है बड़ा खेल, देखिए BDO साहब एक्शन लेते हैं या खानापूर्ति करते हैं

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पुराने ढांचे को दोबारा खड़ा कर सिर्फ बजट की औपचारिकता पूरी की जा रही है। लोगों में यह शंका पैदा कर दी है कि कहीं गेट निर्माण की राशि को कागजों में बढ़ा-चढ़ा कर न दिखा दिया गया हो।
 

लोगों ने सीएम पोर्टल पर कर दी शिकायत

40 साल पुराने पिलर पर नया गेट लगा दिया

ग्रामीण बोले—युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ 

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में पंचायत रिठीया के भेड़ा फॉर्म ग्राउंड में चल रहे खेल मैदान निर्माण को लेकर बड़ा विवाद गहराता जा रहा है। सरकारी फंड से बनने वाले इस मैदान में जिस तरह पुराने, जर्जर हो चुके 40 वर्ष पुराने पिलर पर ही नया गेट खड़ा किया जा रहा है, उसे ग्रामीण विकास प्रणाली की ढिलाई और भ्रष्टाचार का संकेत मान रहे हैं। निर्माण के प्रति विभाग की उदासीनता ने युवाओं में भारी नाराजगी पैदा कर दी है, जो मैदान को अपनी खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में देखते हैं। यही कारण है कि स्थानीय लोग विरोध-प्रदर्शन के साथ अब प्रशासन पर पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

पुराने पिलर पर नए निर्माण कराने पर उठे सवाल 

 गांव के लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि गांव के युवाओं ने देखा कि खेलकूद मैदान पर जहां नए पिलर की नींव डाली जानी चाहिए थी, वहां विभाग द्वारा बिना किसी तकनीकी जांच के पुराने पिलर को ही थोड़ी-बहुत मरम्मत कर फिर से उपयोग में लिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पुराने ढांचे को दोबारा खड़ा कर सिर्फ बजट की औपचारिकता पूरी की जा रही है। लोगों में यह शंका पैदा कर दी है कि कहीं गेट निर्माण की राशि को कागजों में बढ़ा-चढ़ा कर न दिखा दिया गया हो।

sports ground

खराब क्वालिटी की सामग्री में ‘सीमेंट कम, धोखा ज्यादा’
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य स्थल पर सीमेंट-बालू मिश्रण की जो स्थिति देखी गई, वह बेहद चिंताजनक है। 6 तसला बालू में केवल 1 तसला सीमेंट मिलाकर गेट निर्माण किया जा रहा है, जो किसी भी प्रकार से इंजीनियरिंग मानकों पर सही नहीं बैठता। ऐसे मिश्रण से बने स्ट्रक्चर कुछ ही महीनों में टूटने लगते हैं, जिससे न सिर्फ सरकारी धन की बर्बादी होती है, बल्कि लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की मिलावट न केवल भ्रष्टाचार का संकेत देती है, बल्कि विभाग की गैर-ज़िम्मेदारी को भी उजागर करती है। लोगों ने इस तरह की सामग्री को “थोड़े दिनों की चमक और बाद में मलबा” कहा है।

युवाओं की नाराजगी, बोले- “कागजों में मैदान, जमीन पर प्रयोगशाला”
रिठीया गांव के दिनेश यादव और उनके साथियों ने आरोप लगाया कि यह निर्माण युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उनका कहना है कि कागजों में इस निर्माण को उच्च गुणवत्ता वाला बताया जा रहा है, जबकि मैदान पर किए जा रहे कार्य को देखने से कहीं भी गुणवत्ता की झलक नहीं मिलती। युवाओं ने कहा कि जिस मैदान को खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का केंद्र बनना चाहिए था, उसे प्रयोगशाला बनाकर विभाग अपनी मनमानी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण में मानक बहाल नहीं किए गए, तो वे बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।

सीएम पोर्टल पर पहुँची शिकायत 
ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार  की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि यह खेल मैदान सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और स्वास्थ्य विकास से जुड़ी योजना है, जिसे इस प्रकार की अनियमितता से नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई, तो निर्माण पूरी तरह से अव्यवस्थित ढांचे में बदल जाएगा। शिकायत में यह भी मांग की गई है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता को तत्काल सुधारा जाए।

प्रदर्शन करने वालों में में सुरेंद्र विश्वकर्मा, दिनेश यादव, अजीत यादव, अभिषेक, रामआशीष, शिवम, आयुष, आदित्य, रवि कुमार, आर्यन, अरमान सहित गांव के दर्जनों युवा और ग्रामीण शामिल रहे, जिन्होंने मैदान पर ही धरना देकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

 BDO का बयान — “पुराने पिलर सही हैं या नहीं… जांच से साफ होगा सच”
खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने चंदौली समाचार को बताया कि भेड़ा फॉर्म ग्राउंड वन विभाग की भूमि पर स्थित है और पुराने पिलर को मरम्मत कर पुनः उपयोग में लिया गया है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि निर्माण सामग्री को लेकर शिकायतें सामने आई हैं और जल्द ही इस पर विभागीय जांच कराई जाएगी। BDO का कहना है कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या धन के दुरुपयोग का मामला सामने आता है, तो जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*