जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

हाईवे पर सफर करने वाले हो जाएं सावधान! चंदौली के परिवार के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई लाखों की टप्पेबाजी

जवाहर नवोदय विद्यालय गाजीपुर में नई ज्वाइनिंग के लिए जा रहे चंदौली के प्रवीण कुमार मिश्र की कार से बदमाशों ने एक्सप्रेसवे के किनारे लाखों के जेवरात और नकदी से भरा बैग उड़ा दिया। पुलिस अब सीसीटीवी के जरिए लुटेरों की तलाश में जुटी है।

 
 

चंदौली के सकलडीहा निवासी प्रवीण कुमार बने शिकार

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कैंटीन के पास हुई वारदात

कार का शीशा तोड़कर लाल रंग का बैग उड़ाया

बैग में लाखों के सोने-चांदी के जेवर थे

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

अगर आप भी नेशनल हाईवे या एक्सप्रेसवे पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए एक बड़ा अलर्ट है। चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रवीण कुमार मिश्र हाईवे पर सक्रिय टप्पेबाजों के गिरोह का शिकार हो गए हैं। उत्तराखंड से गाजीपुर ट्रांसफर होने के बाद नई तैनाती पर ज्वाइन करने जा रहे प्रवीण की कार से शातिर बदमाशों ने महज कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और कैश से भरा बैग पार कर दिया।

couple-car-loot-purvanchal-expressway-azamgarh

एक्सप्रेसवे के किनारे चाय-नाश्ता पड़ा भारी
जानकारी के मुताबिक, सकलडीहा के उकनी वीरम राय गांव निवासी प्रवीण कुमार मिश्र (पुत्र विद्याकांत मिश्र) का ट्रांसफर जवाहर नवोदय विद्यालय चंपावत (उत्तराखंड) से जवाहर नवोदय विद्यालय गाजीपुर में हुआ है। सोमवार को वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ कार (संख्या UP 65 FV 6187) से सड़क मार्ग के जरिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होकर गाजीपुर जा रहे थे।

इसी दौरान आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 229 के पास एक कैंटीन पर पूरा परिवार चाय-नाश्ता करने के लिए रुका। पूरा परिवार अभी नाश्ता करने में ही व्यस्त था कि तभी उनकी कार के बगल में एक सफेद रंग की गाड़ी आकर रुकी।

कार का शीशा तोड़ा और बैग लेकर हुए रफूचक्कर
सफेद गाड़ी में सवार तीन से चार बदमाशों ने बड़ी ही सफाई से प्रवीण की कार के पिछले हिस्से का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद सीट पर रखा लाल रंग का बैग लेकर पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, उस बैग में करीब 20 हजार रुपये कैश, पत्नी का सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की सिकड़ी, चार सोने की अंगूठियां, कान के आभूषण, दो जोड़ी झुमके, बेटी की सोने की बालियां और चांदी की पायल समेत लाखों रुपये के कीमती जेवरात थे।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
इस घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब कैंटीन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेसवे के सर्विलांस फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। इस घटना के बाद से पीड़ित के गांव और परिवार में भारी चिंता और नाराजगी का माहौल है। पुलिस ने भी यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान कीमती सामान गाड़ी में ऐसी जगह न रखें जहाँ से वह बाहर से दिखे, और रुकते समय विशेष सावधानी बरतें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*