चंदौली में पर्यटन से बदलेगी युवाओं और महिलाओं की किस्मत: 'चंद्रकांता' की भूमि को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में जुटीं दर्शना सिंह
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने संसद में चंदौली के राजदारी-देवदरी जलप्रपात और चंद्रप्रभा अभयारण्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने पर्यटन मंत्री से इसे स्वदेश दर्शन 2.0 में शामिल कर ईको-टूरिज्म और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
राज्यसभा में उठा चंदौली पर्यटन का मुद्दा
स्वदेश दर्शन 2.0 योजना की मांग
राजदारी-देवदरी और चंद्रप्रभा का समग्र विकास
ब्लैक राइस और आदमचीनी की ब्रांडिंग
स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार
राज्यसभा में विशेष उल्लेख के दौरान राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली के चकिया-नौगढ़ क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध राजदारी-देवदरी जलप्रपात एवं चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के समग्र पर्यटन विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विंध्य पर्वत शृंखलाओं और चंद्रप्रभा नदी से आच्छादित यह क्षेत्र अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और समृद्ध जैव विविधता के लिए पूरे देश में अलग पहचान रखता है। इसे केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्वदेश दर्शन 2.0' योजना में शामिल करना बेहद आवश्यक है।
अमर उपन्यास 'चंद्रकांता' की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है क्षेत्र
सांसद दर्शना सिंह ने संसद में याद दिलाया कि यह वही ऐतिहासिक भूमि है, जिसकी पृष्ठभूमि पर महान साहित्यकार देवकी नंदन खत्री ने अपना अमर उपन्यास 'चंद्रकांता' लिखा था। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के कारण यहाँ पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार ने यहाँ नेचर सेंटर, ऑडिटोरियम और ठहरने के लिए कॉटेज विकसित किए हैं, लेकिन अब इन सुविधाओं का विस्तार और बेहतर प्रबंधन जरूरी है ताकि पर्यटकों को उच्च स्तरीय अनुभव मिल सके।
पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रयासों की जमकर की सराहना
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें देश के कोने-कोने में पर्यटन, ग्रामीण विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि चंद्रप्रभा और राजदारी-देवदरी को 'स्वदेश दर्शन 2.0' से जोड़ा जाता है, तो यहाँ ईको-टूरिज्म और होम-स्टे मॉडल को वैज्ञानिक व व्यवस्थित तरीके से लागू किया जा सकेगा।
युवाओं के पलायन पर लगेगी रोक, महिलाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
दर्शना सिंह ने जोर देकर कहा कि पर्यटन का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं को गाइड, टैक्सी सेवा, होटल प्रबंधन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में रोजगार मिलेगा, जिससे उनका पलायन रुकेगा। इसके अलावा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं को पर्यटन स्थलों पर कैंटीन संचालन और स्थानीय उत्पादों की बिक्री के जरिए आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई ताकत मिलेगी।
'धान का कटोरा', ब्लैक राइस और आदमचीनी चावल की होगी मजबूत ब्रांडिंग
चंदौली की सांस्कृतिक पहचान का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे "धान का कटोरा" बताया। उन्होंने 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)' में शामिल ब्लैक राइस, वर्ष 2023 में GI टैग प्राप्त आदमचीनी चावल और यहाँ की प्रसिद्ध पारंपरिक जरी-जरदोज़ी कला का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास से इन सभी स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग मजबूत होगी, जिससे किसानों, बुनकरों और कारीगरों की आय बढ़ेगी और एग्री-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन मंत्री से पूर्वांचल की इस धरोहर को संवारने की अपील
अपने वक्तव्य के अंत में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से पुरजोर आग्रह किया कि चंदौली की इस अनमोल प्राकृतिक धरोहर को 'स्वदेश दर्शन 2.0' योजना में प्राथमिकता से शामिल किया जाए। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि इस कदम से पूर्वांचल के इस प्राकृतिक क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी और उत्तर प्रदेश के पर्यटन को काफी मजबूती प्राप्त होगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








