जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली पुलिस ने शर्मसार की इंसानियत: एक्सीडेंट वाली गाड़ी पर 11 घंटे से धूप में सूख रही है लाश, देखें वीडियो

चंदौली में मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। NH-19 पर भीषण हादसे के बाद पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाकर शव को मौके पर ही भूल गई, जो 11 घंटे तक भीषण धूप में लावारिस पड़ा रहा। पूरी खबर पढ़ें।

 

बिहार से बनारस जा रही मैजिक दुर्घटनाग्रस्त

भीषण हादसे में सत्रह लोग गंभीर रूप से घायल

घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

पुलिस ग्यारह घंटे तक मौके पर भूल गई शव

चंदौली पुलिस की संवेदनहीनता से मानवता हुई शर्मसार

चंदौली जिले से एक बेहद दर्दनाक और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बीती देर रात चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के समीप भिखारीपुर के पास नेशनल हाईवे 19 (NH-19) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ बिहार से बनारस शवदाह करने जा रहे लोगों से सवार एक मैजिक वाहन की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार कई लोग उसी में बुरी तरह फंस गए।


हादसे में 17 लोग गंभीर रूप से घायल, रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा
स्थानीय ग्रामीणों और सूचना पाकर मौके पर पहुँची चंदौली कोतवाली पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इस भीषण हादसे में मैजिक सवार कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे थे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया।

dead-body-abandoned-on-nh19-after-accident-up

घायलों को बचाया, लेकिन हाईवे पर शव छोड़ना भूली पुलिस
इस राहत और बचाव कार्य के बीच चंदौली पुलिस की एक बहुत बड़ी भूल और घोर लापरवाही सामने आई है। हादसे के वक्त मैजिक वाहन में जिस मृत व्यक्ति का शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था, उसे मौके पर मौजूद दरोगा और सिपाही हटाना ही भूल गए। घायलों को अस्पताल पहुँचाने के बाद पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी गहरी नींद में सो गए, जबकि वह शव घटना के 11 घंटे बाद तक घटनास्थल पर ही लावारिस हाल में पड़ा रहा।

कड़कड़ाती धूप में सूखती रही लाश, कहां खो गयी पुलिस अधिकारियों की संवेदना 
सुबह होने के बाद कड़कड़ाती धूप में शव सड़क किनारे लावारिस हालत में सूखता रहा। स्थानीय लोगों ने जब सुबह यह नजारा देखा तो पूरी पुलिसिया व्यवस्था और जिले के आला अधिकारियों की मानवीय संवेदनाओं पर तीखे सवाल खड़े होने लगे। दुर्घटना के इतने घंटे बीत जाने के बाद भी चंदौली पुलिस को सुध नहीं आई कि मौके से शव को हटाकर सुरक्षित रखा जाए। पुलिस प्रशासन की इस संवेदनहीनता से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।

अधिकारी का बयान

मामले को संज्ञान लेते हुए सीओ सदर ने बताया कि रात से उनके परिजनों से लगातार आग्रह किया जा रहा है कि शव ले जाइए, दूसरी वाहन की भी व्यवस्था कर दी गयी लेकिन परिजन टालमटोल करते रहे। अब जाकर परिजन तैयार हुए है ले जाने को।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*