जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को धीना पुलिस का नोटिस, बिना अनुमति धरना देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा 20 जुलाई को अमड़ा विद्युत उपकेन्द्र पर दिए जाने वाले धरने को लेकर धीना पुलिस ने नोटिस जारी किया है। बिना अनुमति भीड़ जुटाने पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

 

पूर्व विधायक को पुलिस का नोटिस

अमड़ा विद्युत उपकेन्द्र पर महाधरना

बिना अनुमति भीड़ जुटाना गैरकानूनी

धीना थाना पुलिस ने दी चेतावनी

20 जुलाई को होना है आंदोलन

चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज सिंह उर्फ डब्लू (निवासी ग्राम माधोपुर) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जनपद के धीना थाना प्रभारी निरीक्षक ने पूर्व विधायक को एक आधिकारिक नोटिस तामील कराया है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पुलिस को जानकारी मिली थी कि पूर्व विधायक आगामी 20 जुलाई 2026 को आम जनता और किसानों को साथ लेकर अमड़ा विद्युत उपकेन्द्र पर एक बड़ा धरना प्रदर्शन करने वाले हैं, जिसके लिए उन्होंने सक्षम अधिकारी से कोई लिखित अनुमति नहीं ली है।

भीड़ इकट्ठा करना माना जाएगा गैर-विधिक जमाव
धीना थाना पुलिस द्वारा जारी किए गए नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के इस तरह आम जनमानस के साथ भीड़ एकत्रित करना पूरी तरह से गैर-विधिक होगा। कानून के मुताबिक इसे 'विधि विरुद्ध जमाव' यानी गैरकानूनी तरीके से भीड़ इकट्ठा करने की श्रेणी में माना जाएगा। पुलिस ने कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूर्व विधायक को पहले ही सचेत कर दिया है।

मजिस्ट्रेट से अनुमति लेने के बाद ही होगा कार्यक्रम
प्रभारी निरीक्षक ने नोटिस के जरिए पूर्व विधायक को अवगत कराया है कि वे इस संबंध में नियमानुसार सक्षम अधिकारी या मजिस्ट्रेट से उचित अनुमति प्राप्त करने के बाद ही अपना कार्यक्रम सुनिश्चित करें। यदि बिना प्रशासनिक अनुमति के उक्त धरना प्रदर्शन या आंदोलन किया जाता है, तो कानून व्यवस्था में खलल डालने के आरोप में नियमानुसार उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक व दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

क्या है पूर्व विधायक के धरने की मुख्य वजह?
आपको बता दें कि पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू क्षेत्र के किसानों और आम जनता के हित में 220 केबी उपकेन्द्र की स्थापना की मांग को लेकर यह आंदोलन करने की तैयारी में हैं। बिजली की समस्या को लेकर किए जा रहे इस आंदोलन पर अब पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस के इस नोटिस के बाद क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*