जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में 'डिजिटल लाइब्रेरी' की तैयारी, डिजिटल पुस्तकालय स्थापना हेतु पुस्तकों का चयन शुरू ​​​​​​​

जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय ने इस संदर्भ में सभी इच्छुक प्रकाशकों से अपील की है।
 

जिला प्रशासन ने प्रकाशकों को दिए 7 दिन का समय

ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालयों हेतु मांगी किताबों की सूची

ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल पुस्तकालय स्थापना हेतु पुस्तकों का चयन शुरू

चंदौली जिले के जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय चयन समिति द्वारा जिले की ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली पाठ्य सामग्री और अध्ययन के लिए एक अनुकूल वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

पुस्तकों के चयन का मानदंड
जनपद स्तरीय समिति ने पुस्तकों के चयन के लिए एक संतुलित और व्यापक दृष्टिकोण अपनाया है। चयन प्रक्रिया में निम्नलिखित मानदंडों का पालन किया जाएगा:

1-सरकारी और अन्य प्रकाशकों की किताबें:- कुल पुस्तकों के चयन में 50 प्रतिशत पुस्तकें शासकीय प्रकाशकों की होंगी, जबकि शेष 50 प्रतिशत पुस्तकें अन्य प्रतिष्ठित प्रकाशकों की होंगी।

2-समावेशी सामग्री का चुनाव :- चयन में स्थानीय भाषाओं के साहित्यकारों, क्षेत्रीय लेखकों, प्रतिष्ठित विद्वानों की पुस्तकों, कवियों की रचनाओं, सांस्कृतिक साहित्य को विशेष रूप से सम्मिलित किया जाएगा।

3-राष्ट्र नायकों का योगदान:- स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्र नायकों और शहीदों की जीवनियाँ भी अनिवार्य रूप से शामिल की जाएंगी।

4-प्रतियोगी परीक्षा सामग्री:- विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकें भी पुस्तकालयों का हिस्सा होंगी, ताकि ग्रामीण विद्यार्थी उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए तैयार हो सकें।

जनपद स्तरीय समिति पुस्तकों का चयन करते समय उनकी सामर्थ्य/मूल्य निर्धारण और सबसे महत्वपूर्ण, समझने में आसान भाषा/सामग्री पर विचार करेगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को अधिकतम लाभ मिल सके।

प्रकाशकों और छात्रों से अपील
जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय ने इस संदर्भ में सभी इच्छुक प्रकाशकों से अपील की है। जो प्रकाशक उपरोक्त विषय-वस्तु पर आधारित अपनी पुस्तकें डिजिटल पुस्तकालयों को उपलब्ध कराने के इच्छुक हैं, वे विज्ञप्ति प्रकाशित होने के 7 दिवस के अन्दर अपनी पुस्तकों की सूची, दर, विषय और भाषावार विवरण जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, बिछियाकला, चंदौली में उपलब्ध करा सकते हैं। 

इसके अलावा, प्रकाशक अपनी पुस्तकों के प्रकाशन और लेख से संबंधित विवरण दिनांक 04.11.2025 तक जनपद की ई-मेल आई०डी० http://dprocd-up@nic.in पर भी भेज सकते हैं।

साथ ही, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों से भी अपील की गई है। वे जो भी पाठ्य सामग्री या पुस्तक अपनी ग्राम पंचायत की डिजिटल पुस्तकालय में पढ़ना चाहते हैं, उसकी सूची और विवरण उपरोक्त ई-मेल पर भेज सकते हैं। यह सुनिश्चित करेगा कि पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की मांग के अनुसार सामग्री उपलब्ध हो।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*