चंदौली की दिव्यांशी गुप्ता का प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चयन, अब करेंगी इंडिया लेवल ट्रायल में मुकाबला
सर्वोदय इंटर कॉलेज की 9वीं की छात्रा ने रचा इतिहास
लखनऊ ट्रायल में 8 खिलाड़ियों में मिली जगह
28 अगस्त को पुणे में इंडिया लेवल फाइनल ट्रायल
विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
चंदौली जिले के धीना क्षेत्र की होनहार खिलाड़ी दिव्यांशी गुप्ता ने बॉलीबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। सर्वोदय इंटर कॉलेज अरंगी की कक्षा 9 की छात्रा दिव्यांशी गुप्ता ने लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित अंडर-15 बालिका वर्ग चयन ट्रायल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आपको बता दें कि प्रदेश भर से आई सैकड़ों प्रतिभागियों में से केवल 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिसमें दिव्यांशी ने वाराणसी मंडल से शानदार प्रदर्शन करते हुए जगह बनाई। उनके खेल कौशल को देखते हुए उन्हें इंडिया लेवल फाइनल ट्रायल के लिए चयनित किया गया है, जो आगामी 28 अगस्त को पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित होगा।
यह चयन वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप की तैयारी का हिस्सा है, जो कि 4 से 16 दिसंबर तक चीन के सांगलूऊ शहर में आयोजित होगी। यदि दिव्यांशी अंतिम ट्रायल में भी सफलता प्राप्त करती हैं तो वे भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णकांत तिवारी सहित क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने दिव्यांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि सितम्बर माह में दिव्यांशी गुप्ता को विद्यालय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
दिव्यांशी की इस सफलता ने चंदौली जिले को गौरवान्वित किया है और खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करने की उम्मीद जगाई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







