चंदौली में बदले 4 उपजिलाधिकारी, विराग पांडेय पर गिरी गाज

चकिया-नौगढ़ के भी उपजिलाधिकारी बदले
दिव्या ओझा को बनाया गया चकिया का उपजिलाधिकारी
कुंदनराज कपूर भेजे गए नौगढ़
अब कलेक्ट्रेट में तैनात रहेंगे विराग पांडेय
चंदौली जिले के जिलाधिकारी जनपद के चार उप जिलाधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव करते हुए तीन तहसीलों के उप जिलाधिकारी बदल दिए हैं। लगातार शिकायत मिलने के बावजूद कई दिनों तक अपने पद पर बरकरार रहने वाले विराग पांडेय को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील से हटाकर कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट बना दिया गया है।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी किए गए आदेश के अनुसार शासकीय कार्यहित और प्रशासनिक आधार पर जनपद चंदौली में कार्यरत उपजिलाधिकारी पद पर तैनात अफसरों के तबादले का आदेश जारी करते हुए नौगढ़ के उपजिलाधिकारी आलोक कुमार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के नए उपजिलाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। इसके अलावा उन्हें उप जिलाधिकारी न्यायिक का भी अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील की उप जिलाधिकारी न्यायिक व चहनिया विकासखंड के खंड विकास अधिकारी के रूप में काम कर रहीं श्रीमती दिव्या ओझा को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के न्यायिक उपजिलाधिकारी पद से हटाकर चकिया का नया उपजिलाधिकारी तैनात किया गया है। उनके पास चकिया के उपजिलाधिकारी न्यायिक का भी अतिरिक्त प्रभार होगा।
चकिया में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात कुंदन राज कपूर को चकिया से हटकर नौगढ़ तहसील का नया उपजिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील में तैनात उप जिलाधिकारी विराग पांडेय को वहां से हटाकर कलेक्ट्रेट में संबद्ध कर दिया गया है।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने यह आदेश जारी करते हुए कहा कि इस आदेश के को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाता है और समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि इस आदेश के तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें और नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने की कोशिश करें।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*