डबल मर्डर कांड: खून से सनी स्कॉर्पियो-N वाराणसी में बरामद, 28 KM दूर फेंके गए थे 2 दोस्तों के शव
चंदौली में दो दोस्तों की हत्या कर शव 28 किमी दूर फेंक दिए गए। वाराणसी से खून से सनी स्कॉर्पियो बरामद होने के बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
डेढ़गांवा में मिले दो युवकों के शव
बाटी-मीट दावत के बाद हुआ विवाद
चौबेपुर से खून से लथपथ कार मिली
28 किमी दूर ले जाकर फेंकी लाशें
गाजीपुर के चार संदिग्धों से कड़ी पूछताछ
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र में दो युवकों की बेरहमी से हत्या करने का खौफनाक मामला सामने आया है। धीना के डेढ़गांवा गांव के पास बीते 22 अक्टूबर को गाजीपुर के रहने वाले सिद्धार्थ सिंह और कानपुर के रहने वाले सागर त्रिपाठी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय धीना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पूरी मुस्तैदी से जुट गईं।

चौबेपुर से खून से सनी कार बरामद
इस सनसनीखेज मामले की पड़ताल में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी तब मिली, जब हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो-N गाड़ी लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस ने खून से लथपथ इस गाड़ी को वाराणसी के चौबेपुर इलाके से खोज निकाला है। जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवकों के शवों को करीब 28 किलोमीटर दूर ले जाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया था। इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी वाराणसी में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
बाटी-मीट की दावत में हुआ विवाद
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि 21 अक्टूबर की रात दोनों मृतक धानापुर थाना क्षेत्र के नगवा मेढ़वा गांव में मौजूद थे। वहां विकास सिंह के बोरिंग पंप (पाही) पर शराब और बाटी-मीट की दावत चल रही थी। इसी दौरान खान-पान और शराब के नशे में आपस में तीखा विवाद हो गया। मृतक सागर त्रिपाठी की पत्नी के बयान के मुताबिक, विवाद के दौरान पहले सिद्धार्थ सिंह की हत्या की गई और उसके बाद सागर त्रिपाठी को भी बेरहमी से मार डाला गया।
रिश्तेदार पर गहराया हत्या का शक
मामले की तहकीकात के दौरान धानापुर थाना क्षेत्र के नगवा मेढ़वा निवासी रवि सिंह का नाम सामने आ रहा है, जो मृतक सिद्धार्थ सिंह का चचेरा बहनोई बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही रवि सिंह के घर पर ताला लटका हुआ है और उसका पूरा परिवार गायब है। पुलिस उसके वाराणसी में रहकर पढ़ाई करने वाले भाई की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने गाजीपुर के चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें घटनास्थल, मोबाइल की आखिरी लोकेशन और मैसेज जैसे अहम साक्ष्यों को आपस में जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही हैं। खून से सनी स्कॉर्पियो-N की बरामदगी से इस दोहरे हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी साजिश और आरोपियों का पर्दाफाश जल्द ही कर दिया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







