जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

कई कार्यकर्ताओं को खटक रही है डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की पूरे दौरे में गैरहाजिरी, सीएम योगी का स्वागत कर हो गए लापता

डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने चंदौली समाचार से बातचीत करते हुए कहा कि एक अति-आवश्यक कार्यवश अचानक मुंबई जाना पड़ गया और उसके लिए 4 बजे की फ्लाइट पकड़नी थी।
 

सीएम के दौरे में दिखी  डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को लेकर चर्चा

प्रोटोकॉल छोड़कर कहां चले गए थे  डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय

राजनीतिक गलियारे में तरह तरह की चर्चा

चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रह चुके डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की अचानक कार्यक्रम से अनुपस्थिति ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने के बाद डॉ. पांडेय पूरे कार्यक्रम से नदारद रहे, जबकि उनका प्रोटोकॉल दोपहर 1:10 बजे से शाम 4:30 बजे तक का जारी किया गया था।

CM

पूर्व केंद्रीय मंत्री का इस तरह कार्यक्रम से अचानक गायब होना कई राजनीतिक अटकलों को जन्म दे रहा है। खास बात यह है कि  डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के लोकसभा का चुनाव हारने के बाद जिले का यह पहला दौरा था, ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पूरे कार्यक्रम में उनके साथ रहने की चर्चा थी, लेकिन उनकी गैर-मौजूदगी को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगी हैं।

हालांकि, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि  डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को किसी जरूरी कार्य के चलते मुंबई रवाना होना पड़ा है, लेकिन यह बात सियासी हलकों में पच नहीं रही है। कार्यक्रम के प्रोटोकॉल में बैठक से लेकर पूरे कार्यक्रम और उसके बाद भी जिले में उनकी उपस्थिति की योजना थी, ऐसे में सिर्फ हेलीपैड पर स्वागत तक सीमित रहना कई सवाल खड़े कर रहा है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे विपक्षी दलों ने इसे भाजपा के आंतरिक मतभेद और अपमानजनक राजनीति से जोड़ते हुए तंज कसना शुरू कर दिया है। वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं में भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल  डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की रहस्यमयी अनुपस्थिति जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।             

डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने चंदौली समाचार से बातचीत करते हुए कहा कि एक अति-आवश्यक कार्यवश अचानक मुंबई जाना पड़ गया और उसके लिए 4 बजे की फ्लाइट पकड़नी थी। इसीलिए वह मुख्यमंत्रीजी का स्वागत हेलीपैड पर करने के बाद अपनी इमरजेंसी बताकर बनारस लौट गए और फिर मुंबई के लिए रवाना हो गए। इसको लेकर किसी तरह की चर्चा या अफवाह व्यर्थ में फैलायी जा रही है। वह समीक्षा बैठक वाली मीटिंग को छोड़कर पूरे कार्यक्रम में रहने वाले थे। इसीलिए प्रोटोकॉल जारी किया गया था। लेकिन अचानक उन्हें वहां से लौटना पड़ा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*