जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

ट्रेनों में भीड़ का हाल देखने कई दिन बाद DDU स्टेशन पर पहुंचे DRM साहब

इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए DRM उदय सिंह मीणा ने रविवार को जंक्शन पर कई ट्रेनों और उनकी बोगियों में घुसकर यात्रियों का हालचाल जाना।
 

त्योहारी सीजन की भीड़ से हाहाकार

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर DRM ने खुद संभाला मोर्चा

अनाधिकृत यात्रियों को AC बोगी से उतारा

चंदौली जिले के पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल में दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़ ने प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) उदय सिंह मीणा ने रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ और उन्हें हो रही असुविधाओं की मौके पर जाकर जानकारी ली।

आरक्षण से लेकर जनरल बोगी तक, पैर रखने की जगह नहीं
दरअसल, हर साल की तरह इस बार भी देश के कोने-कोने से नौकरी और रोज़गार करने वाले लोग दीपावली और विशेष रूप से छठ पूजा मनाने के लिए बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपने घरों को लौट रहे हैं। वापसी के लिए लगभग एक सप्ताह तक रुकने के बाद यह भीड़ फिर से वापसी यात्रा करती है, जिसके कारण ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है।

यात्रियों ने शिकायत की है कि चाहे रिजर्वेशन हो या जनरल बोगी, कहीं भी पैर रखने की जगह नहीं है। भीड़ इतनी अधिक है कि कई जनरल टिकटधारी यात्री जबरन स्लीपर और यहाँ तक कि आरक्षित एसी कोचों में भी प्रवेश कर रहे हैं। इससे पहले से टिकट बुक करा चुके वैध यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

DRM ने खुद देखा हाल, एसी कोच कराया खाली
इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए DRM उदय सिंह मीणा ने रविवार को जंक्शन पर कई ट्रेनों और उनकी बोगियों में घुसकर यात्रियों का हालचाल जाना। उन्होंने स्वयं स्टेशन परिसर पर मौजूद जनरल और रिजर्वेशन टिकट वाले यात्रियों की असुविधाओं को अपनी आँखों से देखा।

परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए, DRM मीणा ने तत्काल एक ट्रेन को रुकवाया। उन्होंने देखा कि आरक्षित एसी कोचों में बड़ी संख्या में ऐसे यात्री यात्रा कर रहे थे जिनके पास अधिकृत टिकट नहीं था। DRM के निर्देश पर ऐसे सभी अनाधिकृत यात्रियों को कोच से उतरवाया गया। कोच के सामान्य स्थिति में आने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान DRM उदय सिंह मीणा ने उपस्थित रेल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस चरम समय में भीड़ को नियंत्रित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्य युद्ध स्तर पर किए जाने चाहिए। इस कदम से स्पष्ट है कि रेल प्रशासन त्योहारों के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा को गंभीरता से ले रहा है और व्यवस्था सुधारने के लिए तत्पर है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*