जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में एथेनॉल प्लांट लगवाना चाहती हैं राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात कर दी अपनी दलील

दर्शना सिंह ने मंत्री महोदय को बताया कि चंदौली जो एक आकांक्षी जिला है, कृषि क्षेत्र में काफी समृद्ध है, लेकिन औद्योगिक और ऊर्जा संसाधनों के क्षेत्र में अभी भी पीछे है।
 

नई दिल्ली में सांसद ने की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात

चंदौली में एथेनॉल प्लांट लगवाने पर दिया जोर

कृषि अपशिष्ट से बनेगा स्वच्छ ईंधन

चंदौली के औद्योगिक परिदृश्य को मिलेगा और अधिक बढ़ावा

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने हाल ही में नई दिल्ली में भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एथेनॉल/बायोफ्यूल प्लांट की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की और इस दिशा में आवश्यक सहयोग व मार्गदर्शन का आग्रह किया।

आपको बता दें कि दर्शना सिंह ने मंत्री महोदय को बताया कि चंदौली जो एक आकांक्षी जिला है, कृषि क्षेत्र में काफी समृद्ध है, लेकिन औद्योगिक और ऊर्जा संसाधनों के क्षेत्र में अभी भी पीछे है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कृषि फसलों के अपशिष्ट जैसे भूसा, गोबर, भूसी, शीरा आदि से एथेनॉल व बायो CNG जैसे स्वच्छ ईंधन बनाकर न केवल पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है, बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से भी सशक्त किया जा सकता है।

बताते चलें कि सांसद ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की एथेनॉल नीति, SATAT योजना और विकसित भारत 2047 जैसे विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि चंदौली में एथेनॉल प्लांट की स्थापना इन लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम होगी। इससे किसानों को फसल अवशेषों का उचित मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही जिले में कृषि-आधारित औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

दर्शना सिंह ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने MSP में बढ़ोतरी, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसे निर्णयों को इसका प्रमाण बताया। एथेनॉल प्लांट की स्थापना इन्हीं पहलों की श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी।

इसके साथ ही सांसद ने चंदौली के जैविक और पर्यावरणीय महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यहां चन्द्रप्रभा वन्य जीव अभयारण्य, देवदारी और राजदारी जलप्रपात जैसे स्थल न केवल पर्यावरणीय संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि इको-टूरिज्म की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखते हैं।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद के प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। अंत में सांसद दर्शना सिंह ने उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया और विश्वास जताया कि यह परियोजना चंदौली को कृषि-आधारित उद्योगों के एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*