सपा पूर्व सांसद रामकिशुन यादव का बड़ा आरोप, बंधी डिवीजन व ठेकेदारों की बंदरबांट से बर्बाद हुईं किसानों की फसलें
चंदौली में बाढ़ और जलजमाव से फसलों की तबाही पर सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने सरकार व प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नालों की सिल्ट सफाई में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए किसानों के हक के लिए पदयात्रा निकालने की घोषणा की है।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने किया बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा
बंधी डिवीजन और ठेकेदारों की मिलीभगत का आरोप
सिल्ट सफाई के पैसों में बंदरबांट से बर्बाद हुई फसलें
किसानों के मुआवजे और दोषियों पर जांच की मांग
किसानों और मजदूरों के लिए जल्द निकलेगी पदयात्रा
चंदौली से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने शुक्रवार को जिले के बाढ़ और जलजमाव से प्रभावित कई गांवों का दौरा किया। वह सकलडीहा तहसील क्षेत्र के लेहरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जलमग्न फसलों का जायजा लिया और प्रभावित किसानों से बातचीत की। इस दौरान क्षेत्र के किसानों में बंधी डिवीजन और ठेकेदारों की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।
सिल्ट सफाई में बंदरबांट और धांधली का आरोप
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व सांसद ने जिला प्रशासन, बंधी डिवीजन और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि धूस-नोनार, लेहरा-मनिहारा, सकलडीहा ड्रेन और रॉयल ताल ड्रेन समेत 31 नालों की सिल्ट सफाई के नाम पर आए सरकारी बजट का बंदरबांट कर लिया गया। अधिकारियों और सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से केवल खानापूर्ति हुई, जिसके कारण हजारों हेक्टेयर फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गईं।
किसानों के हक के लिए जल्द निकलेगी पदयात्रा
रामकिशुन यादव ने किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह पद पर रहें या न रहें, लेकिन किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई हमेशा लड़ते रहेंगे। उन्होंने ऐलान किया कि इस धांधली के विरोध में और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए वह जल्द ही एक विशाल पदयात्रा निकालेंगे। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने और किसानों को मुआवजा देने की मांग की।
जिलाधिकारी से मिलकर उठाएंगे किसानों की आवाज
पूर्व सांसद ने अन्नदाताओं को भरोसा दिलाया कि वह बहुत जल्द इस मामले को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें उनका हक दिलाकर ही दम लेगी।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य बिजेंद्र यादव, अवधेश यादव, प्रधान संजय यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजेंद्र यादव, पूर्व प्रधान नूरे यादव, अशोक यादव, श्रवण मौर्य, बलवंत यादव, बल्लू पासवान, सुरेंद्र यादव, दुर्गा यादव, बहादुर यादव, अंबिका यादव, राम अवतार यादव, नामवर यादव, संदीप यादव, दिलीप पासवान, रामाश्रय मौर्य, धर्मराज यादव, हरदेव यादव, घुरा यादव, गुल्लू यादव, सारनाथ यादव, लोकनाथ यादव, रूपनाथ यादव, रामकृत यादव, दया यादव, फेकूं यादव, कैलाशपति मौर्य, नंदलाल मौर्य और राम लाल यादव सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







