जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली के राजेश्वर सिंह बने राजस्थान के नए चुनाव आयुक्त

डॉ. राजेश्वर सिंह 1989 बैच के IAS अधिकारी हैं और जुलाई 2024 में राजस्व मंडल अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए। उनका जन्म 12 जुलाई 1964 को तत्कालीन वाराणसी  (अब चंदौली) जिले में हुआ था।
 

 सकलडीहा के बट्ठी गांव के निवासी हैं राजेश्वर सिंह

1989 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी को मिली जिम्मेदारी

निकाय और पंचायतीराज चुनावों की तैयारियां होंगी तेज

चंदौली जिले के रहने वाले और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1989 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी राजेश्वर सिंह को राजस्थान का नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति का आदेश राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने मंगलवार को जारी किया है। मूल रूप से चंदौली जिले के सकलडीहा के बट्ठी गांव के निवासी रहे हैं। इनकी शिक्षा वाराणसी के यूपी कॉलेज से हुयी है। 

राजेश्वर सिंह, इस पद पर 12 जुलाई, 2029 तक बने रहेंगे। इससे पहले मधुकर गुप्ता का कार्यकाल मंगलवार को ही समाप्त हो गया। डॉ. राजेश्वर सिंह की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश में निकाय और पंचायतीराज चुनावों की तैयारियां तेज हो रही हैं। अब शहरी निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव संपन्न कराने की बड़ी ज़िम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी।

डॉ. राजेश्वर सिंह 1989 बैच के IAS अधिकारी हैं और जुलाई 2024 में राजस्व मंडल अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए। उनका जन्म 12 जुलाई 1964 को तत्कालीन वाराणसी  (अब चंदौली) जिले में हुआ था। इतिहास में एमए करने के बाद वे प्रशासनिक सेवा में आ गए।

आपको बता दें कि वे जयपुर में कलेक्टर, संभागीय आयुक्त, और जेडीए सचिव जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। साथ ही पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग में ACS के रूप में लंबा कार्यकाल बिताया है। इंदिरा गांधी पंचायतीराज संस्थान में वे महानिदेशक भी रह चुके हैं, जिससे उन्हें पंचायतीराज संस्थाओं की गहराई से समझ है।

 चुनावों की तैयारियों पर देंगे जोर 
पूर्व निर्वाचन आयुक्त मधुकर गुप्ता ने हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनाव जल्द करवाने की वकालत की थी, जिसके बाद मतदाता सूची अपडेट की प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना राजेश्वर सिंह की प्राथमिकता होगी।

 सचिन पायलट के साथ भी कर चुके हैं काम 
राजेश्वर सिंह ने पूर्ववर्ती सरकार में तत्कालीन डिप्टी सीएम सचिन पायलट के अधीन ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग में ACS के तौर पर काम किया था (दिसंबर 2019 – अगस्त 2020)। इसके बाद वे जनजातीय क्षेत्र विकास विभाग और फिर रोडवेज चेयरमैन के पद पर भी रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*