जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली कान्क्लेव की पहल की एक और सफलता, 316 करोड़ से गंगा और कर्मनाशा नदी पर बनेंगे 2 नए पुल

चंदौली में 316 करोड़ रुपये की लागत से गंगा और कर्मनाशा नदी पर दो नए पुलों का निर्माण होने जा रहा है। इससे चंदौली, गाजीपुर और बिहार के बीच आवागमन सुगम होगा और व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी।

 
 

चंदौली कान्क्लेव में उठी थी चोचकपुर घाट पर पुल की मांग 

316 करोड़ से बनेंगे दो नए पुल

नगवा-चोचकपुर गंगा नदी पर बड़ा प्रस्ताव

नरहन में कर्मनाशा नदी पुल को मंजूरी

किसानों को मुआवजा देने की तैयारी

बिहार और गाजीपुर का सफर होगा आसान

चंदौली जिले के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। गाजीपुर और बिहार से आवागमन को सुगम और तेज बनाने के लिए गंगा और कर्मनाशा नदी पर दो नए पुलों के निर्माण की प्रक्रिया काफी तेज हो गई है। दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 316 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे पूर्वांचल में यातायात का नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने चंदौली समाचार को बधाई दी है और कहा है कि चंदौली कान्क्लेव में उनके द्वारा उठाए गए मुद्दे का सरकार ने संज्ञान लिया है। इसके लिए सरकार व चंदौली कान्क्लेव के आयोजकों को बधाई देते हैं। 

नगवा-चोचकपुर के बीच गंगा पर 290 करोड़ का प्रस्ताव

नगवा से चोचकपुर के बीच गंगा नदी पर करीब 290 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पक्के पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। गंगा पर पुल निर्माण के लिए मिट्टी परीक्षण और सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है। सेतु निगम की ओर से इस योजना का प्रस्ताव योजना आयोग को भेजा गया है और इस परियोजना का निर्माण नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से कराया जाएगा।

नरहन में कर्मनाशा पर 26 करोड़ का पुल मंजूर

दूसरी तरफ, नरहन में कर्मनाशा नदी पर 26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल को शासन की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। सेतु निगम ने कर्मनाशा पुल के लिए टेंडर (निविदा) की प्रक्रिया पूरी कर ली है और जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट में प्रभावित किसानों को भूमि मुआवजे के रूप में लगभग 3 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।

सैदपुर पुल जर्जर, नए पुलों से मिलेगी राहत

वर्तमान में सैदपुर स्थित गंगा नदी का पुराना पुल काफी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, जिसके कारण उस पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित है। इससे क्षेत्र का व्यापार, कृषि और आम नागरिकों का रोजाना का सफर बुरी तरह प्रभावित होता है। नए पुल बनने से लोगों को 15 से 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से बड़ी राहत मिलेगी।

व्यापार, कृषि और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी मजबूती

पुल बन जाने से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि चंदौली, गाजीपुर और बिहार के बीच व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण संपर्क को नई ऊर्जा मिलेगी। मामले में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि सेतु निगम का प्रोजेक्ट स्वीकृत हो गया है, जिससे जिले में विकास कार्य और आवागमन आसान होगा तथा 50 लाख से ऊपर की कई योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*