जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

भाजपा प्रत्याशी को खुश करने के लिए भगवा रंग में रंगवा दिया सरकारी स्कूल

चुनावी माहौल में ग्राम प्रधान और स्कूल के अध्यापक भी रंग गए हैं। इसका नजारा उस समय देखने को मिला बस जब चंदौली लोकसभा क्षेत्र की सैयदराजा विधानसभा के एक स्कूल को अध्यापक और ग्राम प्रधान ने भगवा रंग में रंगवा दिया है। 
 

सरकारी स्कूल का रंग हुआ भगवा

ग्राम प्रधान की बतायी जा रही गलती

अब फिर से बदलेगा स्कूल का रंग

 

चंदौली जिले में चुनावी माहौल में ग्राम प्रधान और स्कूल के अध्यापक भी रंग गए हैं। इसका नजारा उस समय देखने को मिला बस जब चंदौली लोकसभा क्षेत्र की सैयदराजा विधानसभा के एक स्कूल को अध्यापक और ग्राम प्रधान ने भगवा रंग में रंगवा दिया है। 


 जानकारी में बताया जा रहा है कि चंदौली जनपद के धानापुर विकासखंड के ओदरा कंपोजिट विद्यालय को भगवा रंग में रंगने जाने का मामला संज्ञान में आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी में हेड मास्टर से जवाब तलब किया है। हालांकि हेड मास्टर ने गड़बड़ी का सारा ठीकरा ग्राम प्रधान पर फोड़ दिया है और कहा है कि बिना उनकी जानकारी के ग्राम प्रधान ने भगवा रंग में विद्यालय को रंगवा दिया है। 


 इस मामले में बताया जा रहा है कि कंपोजिट विद्यालय की बाहरी दीवार को सफेद रंग से लगवाने के बजाय भगवा रंग में लगवाने की घटना संज्ञान में आते ही शिक्षा विभाग में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गयीं, जब मामला बेसिक शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा तो उन्होंने गाइडलाइन के विपरीत विद्यालय को भगवा रंग में रंगवाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक को नोटिस भेज कर जवाब तलब किया है। साथ ही साथ विद्यालय की दीवार को दोबारा सफेद रंग में रंगवा कर नियमों के अनुसार कार्यवाही करने की बात कही है।


 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के इस फरमान के मिलने के बाद प्रधानाध्यापक ने सारा ठीकरा ग्राम प्रधान के ऊपर फोड़ दिया और कहा कि ग्राम प्रधान ने बिना उनको जानकारी देते हुए इस स्कूल का रंग बदलवाकर भगवा कर दिया है। प्रधानाध्यापक इसे ग्राम प्रधान की ही गलती बता रहे हैं। 


 ऐसी चर्चा है कि विद्यालय के पास ही लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी की एक जनसभा होने वाली है। प्रत्याशी तथा पार्टी के लोगों को खुश करने के लिए अति उत्साह में प्रधानाध्यापक और प्रधान के द्वारा स्कूल के रंग का बदल दिया गया है। 


विद्यालय के प्रधानाध्यापक घनश्याम सिंह ने कहा की जानकारी के अभाव में ग्राम प्रधान की ओर से यह कार्य कराया जा रहा है। उच्च अधिकारियों के आदेश अनुसार एक बार फिर इसका रंग बदलकर सफेद कर दिया जाएगा और शासनादेश के मुताबिक हर या लाल रंग की पट्टी ही लगाई जाएगी।


वहीं इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य शासनादेश के खिलाफ है। विद्यालय की बाहरी दीवार सफेद हरा या लाल रंग की पट्टी के साथ होनी चाहिए। विद्यालय के अंदर आकर्षक रंगों का उपयोग किया जा सकता है, हालांकि इस तरह के कार्यवाही की जांच की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*